नई दिल्ली: विश्व चैंपियन स्पेन ने यूईएफए नेशंस लीग फुटबॉल में जीत की हैट्रिक लगाई। इसके साथ ही इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड ने भी अपना जीत का सिलसिला जारी रखा। स्पेन ने शनिवार रात खेले गए ग्रुप सी के मैच में चेकिया (चेक गणराज्य) के खिलाफ ३-१ से जीत हासिल की। मैच में शुरुआत से ही स्पेनिश टीम का दबदबा रहा। ६३ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली विजेता टीम की ओर से युवा फॉरवर्ड लामिन यामाल ने ६ठे, रोड्रि ने ३५वें और मिकेल मेरिनो ने ८९वें मिनट में गोल किए। वहीं, चेकिया की तरफ से जिरी स्लामा ने ६९वें मिनट में गोल किया। मैच के ८५वें मिनट में चेकिया के डिफेंडर लादिस्लाव क्रेजसी को रेड कार्ड दिखाया गया। इस जीत के साथ स्पेन ३ मैचों में ९ अंकों के साथ ग्रुप सी के शीर्ष पर बरकरार है।
इसी ग्रुप के एक अन्य मैच में इंग्लैंड ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए क्रोएशिया को ७-० से पराजित किया। यह मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा रहा। ५८ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली इंग्लैंड की तरफ से स्टार फॉरवर्ड हैरी केन और बुकायो साका ने २-२ गोल दागे। केन ने मैच के ८वें और ५३वें मिनट में गोल किए, जबकि साका ने ४५वें और ६८वें मिनट में गोल दागे। इसके अलावा जूड बेलिंगम ने २१वें, एंथनी गॉर्डन ने ३९वें और मॉर्गन रोजर्स ने ८७वें मिनट में गोल किया। इस जीत के बाद इंग्लैंड ६ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि तीसरे स्थान पर मौजूद क्रोएशिया के पास ३ अंक हैं।
ग्रुप ई में स्विट्जरलैंड ने स्लोवेनिया के खिलाफ २-१ से जीत दर्ज की। ६७ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली स्विस टीम ने शुरुआत में ही गोल खाने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया। स्लोवेनिया के लिए यान विपोतनिक ने दूसरे मिनट में ही बढ़त दिला दी थी। इसके बाद स्लोवेनिया के डिफेंडर एरिक जांजा ने १०वें मिनट में आत्मघाती (ओन गोल) गोल कर दिया, जिससे स्कोर १-१ की बराबरी पर आ गया। अंत में डान एंडोये ने ३८वें मिनट में गोल करके स्विट्जरलैंड को जीत दिला दी। यह स्विट्जरलैंड की लगातार तीसरी जीत है और टीम ९ अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर काबिज है। स्लोवेनिया ४ अंकों के साथ गोल अंतर के आधार पर दूसरे स्थान पर है।
ग्रुप के एक अन्य मैच में स्कॉटलैंड ने नॉर्थ मेसिडोनिया को २-० से हरा दिया। ४२ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेलने वाली विजेता टीम के लिए केरोन बोवी ने ७वें और जॉन मैकगिन ने ७०वें मिनट में गोल दागे। स्कॉटलैंड के डिफेंडर स्कॉट मैक्केना को ८३वें मिनट में रेड कार्ड दिखाया गया। स्कॉटलैंड ४ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।





