एनजेपी स्टेशन पर कंचनजंगा एक्सप्रेस से २.२४ करोड़ का विदेशी सोना बरामद; दो गिरफ्तार

Screenshot_20261126_205414_Chrome

​सिलीगुड़ी। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की सिलीगुड़ी इकाई ने न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर कंचनजंगा एक्सप्रेस (१३१७६) से सोने के १६ बिस्किट बरामद किए हैं। बरामद सोने का वजन १.८५६ किलोग्राम है और इसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग २ करोड़ २४ लाख ६५ हजार रुपये आंका गया है। सोने की तस्करी के आरोप में त्रिपुरा के दो निवासियों, विधान दास (४७) और संजय दास (३७) को गिरफ्तार किया गया है।
​डीआरआई सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी त्रिपुरा से सोना लेकर कोलकाता जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने एनजेपी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के कोच नंबर ८ की तलाशी ली। तलाशी के दौरान संजय दास की पैंट में बनी एक विशेष जेब से १० सोने के बिस्किट बरामद हुए, जबकि विधान दास के पास से ६ बिस्किट मिले। दोनों में से कोई भी सोने से जुड़े वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

डीआरआई ने दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया। अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें १४ दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई १० दिसंबर को निर्धारित की गई है। डीआरआई इस तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

About Author

Advertisement