एजियस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस ने बहु-मुद्रा जीवन बीमा योजना ‘अरम एडवांटेज’ की शुरुआत की

ed6a8ab2-7c5c-4f96-abc2-a389f80bcf76

नई दिल्ली: भारत की अग्रणी निजी जीवन बीमा कंपनियों में से एक, एजियस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस ने ‘अरम एडवांटेज’ नामक नई जीवन बीमा योजना शुरू की है। यह गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में किसी जीवन बीमाकर्ता द्वारा पेश की गई पहली बहु-मुद्रा जीवन बीमा योजना है। इस योजना के माध्यम से ग्राहक जीवन बीमा सुरक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ अमेरिकी डॉलर, यूरो या ब्रिटिश पाउंड में निवेश कर सकेंगे।
इस योजना की शुरुआत के साथ ही कंपनी ने गिफ्ट सिटी स्थित अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र में अपना परिचालन शुरू किया है। भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र के रूप में प्रसिद्ध गिफ्ट सिटी के माध्यम से कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवागमन करने वाले और विभिन्न देशों में रहने वाले ग्राहकों तक अपनी सेवाओं का विस्तार करने की घोषणा की है।
अरम एडवांटेज एक यूनिट-लिंक्ड बीमा योजना (यूलिप) है। यह अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार, निश्चित आय वाले निवेश साधनों और सोने सहित विभिन्न परिसंपत्ति वर्गों में निवेश का अवसर प्रदान करती है। इससे ग्राहकों को विभिन्न देशों के बाजारों और निवेश श्रेणियों में अपने निवेश का विविधीकरण करने में मदद मिलेगी।
इस योजना में प्रीमियम भुगतान के विभिन्न विकल्प और निवेश कोष चुनने की रणनीतियां उपलब्ध हैं। इसमें मृत्यु लाभ, परिपक्वता लाभ, लॉयल्टी संचय और आंशिक निकासी की सुविधा दी गई है। कंपनी के अनुसार, इस योजना में कोई लॉक-इन अवधि नहीं है। हालांकि, सभी सुविधाएं और लाभ लागू नियमों एवं शर्तों के अधीन होंगे।
अरम एडवांटेज योजना किसी भी देश के नागरिक खरीद सकते हैं, चाहे वे कहीं भी रहते हों। इसमें अनिवासी भारतीय (एनआरआई), भारतीय मूल के विदेशी नागरिक (ओसीआई) और भारतीय मूल के व्यक्ति (पीआईओ) भी शामिल हैं। ग्राहक द्वारा चुनी गई मुद्रा के आधार पर न्यूनतम निवेश राशि अमेरिकी डॉलर तीन हजार, यूरो तीन हजार या ब्रिटिश पाउंड तीन हजार निर्धारित की गई है।
योजना की शुरुआत पर प्रतिक्रिया देते हुए एजिस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जुड गोम्स ने कहा कि आर्थिक रूप से जागरूक ग्राहक अब ऐसे वित्तीय समाधानों की तलाश कर रहे हैं, जो उन्हें विभिन्न मुद्राओं और बाजारों में निवेश करने की सुविधा प्रदान करें।
उन्होंने कहा, “अरम एडवांटेज योजना बहु-मुद्रा निवेश विकल्पों को जीवन बीमा सुरक्षा के साथ जोड़कर ग्राहकों की इस आवश्यकता को पूरा करती है। गिफ्ट सिटी में हमारी उपस्थिति हमें अंतरराष्ट्रीय बाजारों के ग्राहकों को उनकी बदलती वित्तीय जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए समाधान उपलब्ध कराने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करती है।”
गिफ्ट सिटी स्थित परिचालन के माध्यम से एजिस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस मध्य पूर्व, उत्तरी अमेरिका, यूरोप, यूनाइटेड किंगडम, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों के ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करेगी।
कंपनी ने निकट भविष्य में गिफ्ट सिटी के माध्यम से पेश किए जाने वाले अपने उत्पादों की सूची में टर्म लाइफ इंश्योरेंस और पेंशन योजनाओं को भी शामिल करने की योजना बनाई है।
अरम एडवांटेज योजना की विशेषताओं, निवेश विकल्पों और अन्य नियमों एवं शर्तों के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।

About Author

Advertisement