उप-मुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉलऔर सांसद राजू बिष्ट ने संयुक्त रूप से लुंगथाम आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, आधुनिक सुविधाओं से किया जाएगा लैस

IMG-20260608-WA0086

दार्जिलिंग: पश्चिम बंगाल की उप-मुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल अपनी दो दिवसीय दार्जिलिंग यात्रा के दौरान आज लुंगथाम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण पर पहुंचीं। उप-मुख्यमंत्री के साथ दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
​इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दार्जिलिंग, तराई और डुआर्स क्षेत्र को अपनी उच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नई सरकार के गठन के महज एक महीने के भीतर ही इस पहाड़ी क्षेत्र के लिए कई सकारात्मक घोषणाएं की जा चुकी हैं।
​दार्जिलिंग और कालिम्पोंग ‘हिमालयन सिटी’ घोषित
​सांसद बिष्ट ने जानकारी दी कि बीते कल ही राज्य सरकार ने दार्जिलिंग, कुर्सियांग, कालिम्पोंग और सिलीगुड़ी को “हिमालयन सिटी” घोषित किया है, जो इस क्षेत्र के विकास के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही दार्जिलिंग की स्थायी राजनीतिक समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त वार्ताकार (इन्टरलोक्युटर) भी यहां पहुंच चुके हैं और सभी पक्षों से मुलाकात कर काम को तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।
​दार्जिलिंग नगरपालिका के अध्यक्ष द्वारा बीते कल उप-मुख्यमंत्री पॉल से की गई मुलाकात का जिक्र करते हुए सांसद बिष्ट ने आश्वस्त किया कि वर्तमान नगरपालिका बोर्ड का कार्यकाल रहने तक राज्य सरकार विकास कार्यों में पूरा सहयोग प्रदान करेगी।
​आंगनवाड़ी केंद्रों का होगा कायाकल्प
​सांसद राजू बिष्ट ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन और उप-मुख्यमंत्री अग्निमित्रा पॉल के नेतृत्व में राज्य के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति में व्यापक सुधार किया जाएगा। आने वाले समय में इन केंद्रों को आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाओं से संपन्न बनाया जाएगा, ताकि इन्हें बच्चों और नए अभिभावकों के समग्र विकास केंद्र के रूप में तब्दील किया जा सके।

About Author

Advertisement