विलियमनगर(मेघालय): ईस्ट गारो हिल्स जिले की स्थापना के ५०वें वर्ष (स्वर्ण जयंती) के शुभ अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने सुरक्षा, सड़क कनेक्टिविटी और आवास क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
जिले में आवाजाही और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कुल ४७.६० करोड़ रुपये के निवेश से तैयार लगभग २४.३९ किलोमीटर लंबी तीन सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री संगमा द्वारा किया गया। इनमें विलियमनगर की उन्नत आंतरिक सड़कें, चौड़ी की गई रोंगरेन्ग्रे–सिमसांगग्रे–नेंगख्रा सड़क, इंटरलॉकिंग कंक्रीट-ब्लॉक सड़कें और चेकवेबिरा–रोंगबिंग बोल्डक सड़क पर रोंगओंग्रे पुल शामिल हैं। इन परियोजनाओं से आम जनता के लिए आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
इसके साथ ही, कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में तैनात पुलिस कर्मियों के सहयोग के लिए सामंदा में मेघालय पुलिस की ५वीं बटालियन (३री आईआरबीएन) के कमांडेंट कार्यालय की आधारशिला भी मुख्यमंत्री द्वारा रखी गई।
दूसरी ओर, नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने और बेहतर आवास सुविधाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता के तहत ३.६० करोड़ रुपये की लागत वाली एमआईजी रेंटल यूनिट्स का शिलान्यास भी किया गया।
ईस्ट गारो हिल्स के ५० साल पूरे होने पर जिले के हर समुदाय तक विकास पहुंचाने, नए अवसर पैदा करने और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करने की प्रतिबद्धता मुख्यमंत्री द्वारा दोहराई गई है।





