मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के गृहमंत्री टोनी बर्क ने कहा है कि ईरान की महिला फुटबॉल टीम की तीन और सदस्यों ने ऑस्ट्रेलिया में रहने के बजाय अपने देश लौटने का फैसला किया है।
इससे पहले टीम की सात सदस्यों ने ऑस्ट्रेलिया में शरण लेने के प्रस्ताव को स्वीकार किया था, लेकिन अब उनमें से केवल तीन सदस्य ही ऐसी बची हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहने का निर्णय लिया है।
बताया गया है कि मध्य पूर्व में २८ फरवरी को युद्ध शुरू होने से पहले ईरान की महिला टीम महिला एशियाई कप में भाग लेने के लिए पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी। शुरुआती चरण में २६ खिलाड़ियों की टीम में से छह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ की एक सदस्य ने मानवीय आधार पर ऑस्ट्रेलिया में रहने के लिए वीजा स्वीकार किया था।
बाद में टीम के अन्य सदस्य ९ मार्च को सिडनी से मलेशिया के लिए रवाना हो गए थे। इसके बाद कुछ खिलाड़ियों ने अपना फैसला बदलते हुए ऑस्ट्रेलिया छोड़ने का निर्णय लिया। सरकारी अधिकारियों के अनुसार टीम के तीन सदस्य शनिवार रात सिडनी से कुआलालंपुर के लिए रवाना हुए।
ईरान की समाचार एजेंसी तसनीम के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया छोड़ने वाले तीन लोगों में दो खिलाड़ी और एक सहयोगी स्टाफ की सदस्य शामिल हैं।









