ईपीएल: बर्नली पर जीत के साथ खिताब के करीब पहुंचा आर्सनल

IMG-20260519-WA0053

लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल प्रतियोगिता में आर्सनल चैंपियन बनने के बेहद करीब पहुंच गया है। सोमवार रात खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में मिकेल अर्टेटा की टीम आर्सनल ने रेलिगेटेड टीम बर्नली को १-० से पराजित कर दिया। आर्सनल की इस जीत में काई हावेर्ट्ज द्वारा पहली हाफ में किया गया एकमात्र गोल निर्णायक साबित हुआ। अपने होम ग्राउंड एमिरेट्स स्टेडियम में ६२ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेल रही आर्सनल के लिए मैच का एकमात्र गोल स्टार स्ट्राइकर हावेर्ट्ज ने ३६वें मिनट में दागा। हालांकि, मैच के दूसरे हाफ में हावेर्ट्ज एक खराब टैकल के बाद रेड कार्ड देखने से बाल-बाल बचे।
​इस महत्वपूर्ण जीत के साथ ही प्रीमियर लीग की अंक तालिका (पॉइंट्स टेबल) में शीर्ष स्थान पर काबिज आर्सनल के ३७ मैचों में ८२ अंक हो गए हैं। यह स्कोर दूसरे स्थान पर मौजूद मैनचेस्टर सिटी से ५ अंक अधिक है। अब पेप ग्वार्डियोला की टीम मैनचेस्टर सिटी अगर मंगलवार रात होने वाले मैच में बोर्नमाउथ के खिलाफ जीत हासिल नहीं कर पाती है, तो आर्सनल आधिकारिक रूप से चैंपियन बन जाएगा। प्रिमियर लीग के साथ-साथ आर्सनल इस सीजन यूएफा चैंपियंस लीग का खिताब जीतने के भी करीब है, जहां टीम ३० मई को होने वाले फाइनल मुकाबले में पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) की चुनौती का सामना करेगी।

About Author

Advertisement