इण्टरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल हुए फ़ेडरर

bbd2f668-981f-4b09-b581-7d024d3b1535

न्यूपोर्ट: महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फ़ेडरर को इण्टरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इस विशेष अवसर पर २० एकल ग्रैंड स्लैम विजेता अत्यंत भावुक दिखाई दिए। लगभग ३० मिनट तक चले अपने सम्बोधन के दौरान वे कई बार रो पड़े। पत्नी मिर्का के स्वागत-परिचय भाषण के बाद स्विट्ज़रलैंड के दिग्गज खिलाड़ी फ़ेडरर को मंच पर बुलाया गया। उन्होंने माहौल को हल्का करने का प्रयास करते हुए कहा कि उन्हें इस समय रूमाल और गॉगल्स की आवश्यकता है, लेकिन अपने सम्बोधन के दौरान वे अपने आँसुओं को रोक नहीं सके। ४५ वर्षीय फ़ेडरर ने मंच पर पहुँचते ही कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत विशेष है और इसके बाद बोलना आसान नहीं होगा। अपने भावुक भाषण के दौरान फ़ेडरर ने अपने बचपन के आदर्श स्टीफ़न एडबर्ग और लंबे समय तक अपने प्रशिक्षक रहे सेवेरिन लुथी को भी याद किया। टेनिस इतिहास की इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बनने को फ़ेडरर ने विशेष बताया। ‘स्विस माएस्ट्रो’ के नाम से चर्चित फ़ेडरर के अनुसार, टेनिस के समृद्ध इतिहास का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उल्लेखनीय है कि फ़ेडरर ने अपने स्वर्णिम करियर में २० एकल ग्रैंड स्लैम खिताब जीते। इसमें रिकॉर्ड ८ विंबलडन, ६ ऑस्ट्रेलियन ओपन, ५ अमरीकी ओपन और एक फ़्रेंच ओपन खिताब शामिल है। वे लगातार २३७ हफ़्तों तक एटीपी एकल रैंकिंग में विश्व के नंबर १ खिलाड़ी रहे थे। फ़ेडरर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले केवल आठ पुरुष खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने २००४ से २००८ तक लगातार ५ वर्ष अमरीकी ओपन का खिताब जीता था तथा लगातार १० ग्रैंड स्लैम फ़ाइनल में जगह बनाई थी, जिनमें से उन्होंने ८ जीते थे। फ़ेडरर इण्टरनेशनल टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले २७२वें सदस्य बने। समारोह में उनके साथ पूर्व खिलाड़ी एवं प्रसारक मैरी कैरिलो को भी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया।

About Author

Advertisement