इंग्लैंड टीम की खेल सामग्रियां चोरी

IMG-20260614-WA0039

न्यूयार्क: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ शुरू हो चुका है और शुरुआती मैचों में ही कुछ अप्रत्याशित नतीजे देखने को मिले हैं। इस बीच टूर्नामेंट के इतर कुछ घटनाओं ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया है। इंग्लैंड की टीम को वर्ल्ड कप अभियान शुरू करने से पहले ही चोरी की एक बड़ी घटना का सामना करना पड़ा है। इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों के जूते, फुटबॉल और ट्रेनिंग उपकरण फ्लोरिडा से कैनसस सिटी स्थित ट्रेनिंग बेस ले जाने के दौरान रास्ते में ही चोरी हो गए। चोरी हुए सामानों में खिलाड़ियों के बूट, ट्रेनिंग किट, विश्लेषण उपकरण, मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल के व्हाइटबोर्ड और मसाज टेबल तक शामिल हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी की घटना में कितने लोग शामिल थे और कितना सामान गायब हुआ है, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। चोरी हुए सामानों में टीम के स्टार खिलाड़ियों के बूट भी शामिल हो सकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि टीम के कप्तान हैरी केन और स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहैम के बूट भी चोरी हुए हैं। इस घटना से इंग्लैंड की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं। वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का पहला मैच क्रोएशिया के खिलाफ है और उससे पहले सपोर्ट स्टाफ वैकल्पिक व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं।

About Author

Advertisement