लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में आर्सेनल चैंपियन बनने के बेहद करीब पहुंच गया है। रविवार रात खेले गए मैच में आर्सेनल ने वेस्ट हैम के खिलाफ १-० से जीत हासिल की। प्रीमियर लीग में यह आर्सेनल की लगातार तीसरी जीत है और टीम अब खिताब के करीब नजर आ रही है। यूईएफए चैंपियंस लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी आर्सेनल को वेस्ट हैम के खिलाफ जीत के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। इस अवे मैच में ६६ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने वाली आर्सेनल की ओर से एकमात्र निर्णायक गोल स्टार स्ट्राइकर लिएंड्रो ट्रॉसार्ड ने ८३वें मिनट में किया।
इस जीत के साथ प्रीमियर लीग पॉइंट्स टेबल के शीर्ष पर कायम आर्सेनल के ३६ मैचों में ७९ पॉइंट्स हो गए हैं। अब आर्सेनल दूसरे स्थान पर रहने वाली मैनचेस्टर सिटी से ५ पॉइंट्स आगे है, हालांकि सिटी ने एक मैच कम खेला है। इसी तरह न्यूकैसल और संडरलैंड के बीच खेला गया मैच १-१ से और एस्टन विला तथा बर्नली के बीच खेला गया मैच २-२ से ड्रॉ रहा। एस्टन विला ३६ मैचों में ५९ पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर बना हुआ है। इसके अलावा एवर्टन को भी क्रिस्टल पैलेस ने २-२ की बराबरी पर रोक दिया।











