लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग में खिताब की जंग बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। रविवार को खेले गए एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में मैनचेस्टर सिटी ने आर्सनल को २-१ से मात देकर खिताबी दौड़ में खुद को मजबूत कर लिया है। एतिहाद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में रयान चेर्की ने १६वें मिनट में सिटी को बढ़त दिलाई, लेकिन काई हावेर्ट्ज़ ने १८वें मिनट में गोल कर आर्सनल की वापसी कराई। दूसरे हाफ में स्टार खिलाड़ी एर्लिंग हालैंड ने ६५वें मिनट में शानदार गोल दागकर सिटी की जीत पक्की की। इस परिणाम के बाद आर्सनल ३३ मैचों में ७० अंकों के साथ टेबल में शीर्ष पर है, जबकि एक मैच कम खेलने वाली सिटी ६७ अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है।
वहीं, एक अन्य रोमांचक मुकाबले में लिवरपूल ने एवर्टन को २-१ से शिकस्त दी। मैच के २९वें मिनट में अनुभवी मोहम्मद सलाह के गोल से लिवरपूल आगे था, लेकिन दूसरे हाफ में बेटो ने ५४वें मिनट में गोल कर एवर्टन को बराबरी पर ला दिया। खेल के अंतिम क्षणों में (इंजरी टाइम के १०वें मिनट में) वर्जिल वैन डिज्क ने गोल कर लिवरपूल को नाटकीय जीत दिलाई। इस जीत के साथ लिवरपूल ३३ मैचों में ५५ अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। दिन के अन्य मैचों में नॉटिंघम फॉरेस्ट ने बर्नली को ४-१ से और एस्टन विला ने सुंदरलैंड को ४-३ के करीबी अंतर से पराजित किया।










