इंग्लिश प्रीमियर लीग: कमजोर बर्नली को हराकर मैनचेस्टर सिटी शीर्ष स्थान पर

IMG-20260423-WA0041

लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में मैनचेस्टर सिटी की रोमांचक जीत ने चैंपियन बनने की रेस को बहुत दिलचस्प बना दिया है। बुधवार रात खेले गए मैच में मैनचेस्टर सिटी ने कमजोर बर्नली को १-० से पराजित किया। इस अवे मैच में ६६ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली मैनचेस्टर सिटी के लिए नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने ५वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जो अंत में निर्णायक साबित हुई। बाकी बचे समय में भी सिटी ने लगातार मौके बनाए, लेकिन खराब फिनिशिंग के कारण टीम और गोल नहीं कर सकी।
​इस जीत के साथ मैनचेस्टर सिटी पिछले साल अगस्त में लीग की शुरुआत के बाद पहली बार प्रीमियर लीग पॉइंट्स टेबल के शीर्ष स्थान पर पहुँच गई है। वर्तमान में मैनचेस्टर सिटी और आर्सेनल दोनों के पास ३३ मैचों में समान ७० पॉइंट्स हैं। इन दोनों टीमों का गोल अंतर भी बराबर है, लेकिन आर्सेनल के ६३ गोल के मुकाबले ६६ गोल करने के आधार पर पेप गार्डियोला की टीम शीर्ष पर पहुँच गई है। दूसरी ओर, इस हार के साथ बर्नली रेलीगेशन की शिकार हो गई है। ३४ मैचों में केवल २० पॉइंट्स के साथ बर्नली १९वें स्थान पर है और अब अपने शेष चारों मैच जीतने पर भी वह १७वां स्थान हासिल नहीं कर पाएगी।
​इसी बीच, चेल्सी को इस सीजन में लगातार ५वीं हार का सामना करना पड़ा। इस बार ब्राइटन ने चेल्सी को ३-० से करारी शिकस्त दी। ब्राइटन के लिए फ्रेडी काडिओग्लु ने 3रे, जैक हिंशेलवुड ने ५६वें और डैनी वेलबेक ने इंजरी टाइम के पहले मिनट में गोल किया। इस जीत के साथ ब्राइटन ५० पॉइंट्स लेकर छठे स्थान पर पहुँच गई है, जबकि चेल्सी 48 पॉइंट्स के साथ आठवें स्थान पर बनी हुई है। वहीं, लीड्स यूनाइटेड और बोर्नमाउथ के बीच खेला गया एक अन्य रोमांचक मैच २-२ की बराबरी पर छूटा। हार की कगार पर पहुँच चुकी लीड्स को सीन लॉन्गस्टाफ ने इंजरी टाइम के ७वें मिनट में गोल कर बचा लिया। बोर्नमाउथ की ओर से एली जूनियर क्रोउपी और रायन ने गोल किए।

About Author

Advertisement