​आरामदेह जीत के साथ पूल डी के शीर्ष स्थान पर पहुंचा भारत

IMG-20260819-WA0117

एम्सटेलवीन: एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय महिला टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ६-१ से एकतरफा जीत दर्ज की। एम्सटेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल डी के मैच में भारत ने शुरुआत से ही मैच में अपना दबदबा बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में मैच जीत लिया। जारी विश्व कप में भारतीय महिला टीम की यह पहली जीत है। इससे पहले भारत ने चीन के खिलाफ अपना पहला मैच २-२ से ड्रॉ खेला था। इस शानदार जीत के साथ भारत के ४ अंक हो गए हैं और टीम ने पूल डी में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
​भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख दिखाया। सुनेलिता टोप्पो ने १०वें मिनट में भारत को मैच का पहला गोल दिलाया। इस तरह पहले क्वार्टर की समाप्ति तक भारत १-० से आगे था। दक्षिण अफ्रीका ने बराबरी हासिल करने की कुछ अच्छी कोशिशें कीं, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति (डिफेंस) ने उनके हर हमले को नाकाम कर दिया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रमण में तेजी लाई। इसी क्रम में नवनीत कौर ने १६वें मिनट में पेनाल्टी को गोल में बदलकर टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद भारत ने लगातार दक्षिण अफ्रीका के सर्कल पर दबाव बनाया और सुशीला चानू ने २४वें मिनट में भारत को मैच का तीसरा गोल दिलाया। इस प्रकार हाफ टाइम तक भारत ३-० से आगे था।
​तीसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और दीपिका ने ३७वें मिनट में गोल करके स्कोर ४-० कर दिया। इसके बाद लालरेमसियामी ने ४३वें मिनट में भारत को मैच का पांचवां गोल दिलाया। उसके तुरंत बाद साक्षी राणा ने ४४वें मिनट में एक और गोल करके तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत को ६-० से आगे कर दिया।
​चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी। इस बीच दक्षिण अफ्रीकी टीम आखिरकार भारतीय डिफेंस को भेदने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कायला डी वाल ने ५५वें मिनट में गोल करके टीम के लिए हार का अंतर थोड़ा कम किया। इसके बाद बचे हुए समय में दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं और मैच भारत के पक्ष में ६-१ के स्कोर पर समाप्त हुआ।

About Author

Advertisement