आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग के शीर्ष स्थान पर पहुंचा दक्षिण अफ्रीका

IMG-20261101-WA0071

​नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टेस्ट मैच में १७६ रन से पराजित कर ३ टेस्ट मैचों की सीरीज २-१ से जीत ली है। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में पहला स्थान भी हासिल कर लिया है। इसके साथ ही शीर्ष स्थान पर ऑस्ट्रेलिया का लंबे समय से जारी वर्चस्व भी समाप्त हो गया है और टीम गिरकर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
​इसी प्रकार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। डब्ल्यूटीसी तालिका में ऑस्ट्रेलिया फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने दूसरा स्थान हासिल किया है। न्यूजीलैंड शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। भारतीय टेस्ट टीम टेस्ट टीम रैंकिंग और डब्ल्यूटीसी अंक तालिका—दोनों में चौथे स्थान पर है। दोनों रैंकिंग में टीमों की स्थिति तय करने का आधार अलग-अलग होता है।
​ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत का फायदा दक्षिण अफ्रीका को आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में मिला है। टीम १२४ रेटिंग अंकों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। इससे पहले शीर्ष स्थान पर रहने वाला ऑस्ट्रेलिया १२२ रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर आ गया है। टेस्ट टीम रैंकिंग में न्यूजीलैंड १०६ रेटिंग अंकों के साथ तीसरे और भारत १०५ रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। पांचवें स्थान पर मौजूद इंग्लैंड के पास १०२ रेटिंग अंक हैं।
​डब्ल्यूटीसी २०२५-२७ की अंक तालिका में भी तीसरे टेस्ट के बाद फेरबदल हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया को नुकसान पहुंचा है। टीम ६९.२३ अंक प्रतिशत के साथ फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई है। इस तरह न्यूजीलैंड ७२.२२ अंक प्रतिशत के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि दक्षिण अफ्रीका ७१.४३ अंक प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
​दक्षिण अफ्रीका ने इस डब्ल्यूटीसी चक्र में अब तक ७ टेस्ट मैच खेलकर ५ में जीत हासिल की है और २ मैच हारे हैं। टीम के खाते में ६० अंक हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने १३ टेस्ट मैच खेलकर ९ जीते हैं और ४ हारे हैं, तथा उनके पास १०८ अंक हैं।
​भारत आईसीसी टीम रैंकिंग में १०५ रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। इसी प्रकार डब्ल्यूटीसी तालिका में भी शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम चौथे स्थान पर है। भारत ने जारी डब्ल्यूटीसी चक्र में ११ टेस्ट मैच खेलकर ५ में जीत दर्ज की है और ४ मैच हारे हैं, जबकि शेष २ मैच ड्रा रहे हैं। टीम के खाते में ६८ अंक और ५१.५२ अंक प्रतिशत हैं। भारत को डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए आगामी मैचों में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा। डब्ल्यूटीसी अंक तालिका के शीर्ष दो स्थानों पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल मैच अगले साल खेला जाएगा।

About Author

Advertisement