असम: विधानसभा चुनाव २०२६: एजेपी ने पहली उम्मीदवार सूची जारी की

Logo_of_the_Assam_Jatiya_Parishad

गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव २०२६ को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में कांग्रेस गठबंधन में शामिल असम जातीय परिषद ने मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।
इस सूची में पार्टी अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई को खोवांग विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
सूची में शामिल उम्मीदवारों में सबसे अधिक चर्चा बरहमपुर सीट के उम्मीदवार राजेन गोहाई को लेकर हो रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और एक समय भाजपा के प्रभावशाली नेता रहे गोहाई के एजेपी की ओर से चुनाव लड़ने के फैसले ने राजनीतिक हलकों में खास ध्यान आकर्षित किया है।
दरअसल, लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद राजेन गोहाई भाजपा से नाराज हो गए थे। उन्हें राज्यसभा भेजे जाने की उम्मीद थी, लेकिन यह संभव नहीं होने पर उन्होंने पार्टी के खिलाफ विद्रोह कर दिया। अंततः उन्होंने भाजपा छोड़कर एजेपी में शामिल होने का निर्णय लिया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मध्य गुवाहाटी और सादिया सीट के लिए अभी उम्मीदवारों के नाम तय नहीं किए गए हैं। इन सीटों की घोषणा दूसरे चरण में की जाएगी। एजेपी की इस पहली सूची के जारी होने के साथ ही राज्य में चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होती जा रही है।

About Author

Advertisement