नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार को जारी कर दी है। सूची में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा का नाम भी शामिल है, जो जलुकबारी सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी ने कांग्रेस के पूर्व नेता प्रद्युत बोरदोलोई को दिसपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। वे बुधवार को मुख्यमंत्री शर्मा और अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए थे।
सूची के अनुसार, हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए भूपेन कुमार बोरा बिहपुरिया सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं बिरसिंह-जरुआ सीट से माधवी दास, चमरिया से ज्योत्सना कलिता और मंगलदाई से नीलिमा देवी को उम्मीदवार बनाया गया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार शाम हुई बैठक में उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिया। इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा की असम इकाई के प्रमुख दिलीप सैकिया भी बैठक में शामिल थे।









