२६०० छात्रों ने एक साथ गाया गीत
गुवाहाटी: असम के लोकप्रिय गायक और संगीतकार जुबिन गर्ग की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
उनके प्रशंसकों, छात्रों और संगीत प्रेमियों ने उनके गीतों तथा संगीतमय विरासत को याद किया।
नूनमाटी स्थित असम जातीय विद्यालय में ‘जुबिन दिवस’ मनाया गया। इस अवसर पर लगभग २,६०० विद्यार्थियों ने एक साथ ‘दिया घुराई दिया’ गीत प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में जुबिन गर्ग की पत्नी गरिमा सौकिया गर्ग भी मौजूद रहीं।
उधर ‘जुबिन क्षेत्र’ जुबिन के सदाबहार गीतों से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा माहौल भावुक हो गया। अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि देने के लिए भारी संख्या में प्रशंसक वहां पहुंचे और गीतों की प्रस्तुति के बीच अपने चहेते गायक को याद किया।
मंगलदै इलेक्ट्रॉनिक मीडिया फोरम और प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में ‘जुबिन दिवस’ के अवसर पर प्रभात फेरी भी निकाली गई। इसमें शामिल होने के बाद मंत्री नीलिमा देवी ने कहा कि जुबिन के निधन के बाद उनके हर गीत का अर्थ लोगों के दिलों को गहराई से छू रहा है।
काहिलीपारा स्थित जुबिन गर्ग के आवास पर उनकी प्रतिमा को फूलों से सजाया गया। पहली पुण्यतिथि पर लोगों ने ‘लुइत कंठ’ जुबिन गर्ग को याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज, सुर और संगीत की विशिष्टता हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।





