नई दिल्ली: असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद बांग्लादेश ने भारत से लगी अपनी सीमाओं पर सुरक्षा और निगरानी को कड़ा कर दिया है। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने घुसपैठ की आशंका को देखते हुए जवानों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जशोर, बेनापोल और खुलना के सीमावर्ती इलाकों में लगभग 102 किलोमीटर के दायरे में कड़ी चौकसी लागू की गई है। रघुनाथपुर, सादीपुर और पुतखाली जैसी प्रमुख सीमा चौकियों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। बीजीबी के अधिकारियों का कहना है कि वे हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रहे हैं ताकि कोई भी अवैध रूप से बांग्लादेश की सीमा में प्रवेश न कर सके।
सीमा क्षेत्र में प्रतिबंध
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को चेतावनी दी है कि वे सीमा रेखा के पास अनावश्यक रूप से न घूमें। रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है और खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। बांग्लादेश को डर है कि भाजपा की जीत के बाद भारत अवैध घुसपैठियों को वापस भेजने की प्रक्रिया तेज कर सकता है।
असम और बंगाल का असर
असम के मुख्यमंत्री हिमन्त बिस्वा सरमा के कड़े रुख और बंगाल में भाजपा की सक्रियता के कारण बांग्लादेशी अधिकारियों में ‘पुश-इन’ का खौफ देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल की स्थिति को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की गतिविधियों पर भी बांग्लादेशी सुरक्षा गार्ड कड़ी नजर रख रहे हैं।









