बालू-गिट्टी लदे ट्रेलर ट्रक सहित चालक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत भोरर आलो थाना पुलिस ने नदी तल सामग्री (आरबीएम) के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर भोरर आलो थाने की पुलिस टीम ने आज सुबह लगभग ८:४५ बजे ९ नंबर कॉलोनी क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध खनन सामग्री ले जा रहे एक ट्रेलर ट्रक को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान लगभग ८५० घनफुट नदीजन्य बालू-गिट्टी से लदे ट्रेलर ट्रक को जब्त किया गया। सामग्री के वैध दस्तावेज अथवा रॉयल्टी भुगतान का कोई सबूत पेश न कर पाने पर वाहन चालक २८ वर्षीय मामलत शेख को गिरफ्तार कर लिया गया।
भोरर आलो थाने में ‘खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम’ के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।





