१२०० मेगावाट की कलई-II जलविद्युत परियोजना को स्थानीय लोगों की पूर्ण सहमति
ईटानगर: मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अंजाव जिले के वातोंग गांव के निवासियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कलई-II जलविद्युत परियोजना (१२०० मेगावाट) के संबंध में चर्चा की। मंत्रियों श्रीमती दासंगलु पुल और श्री मामा नतुंग की गरिमामयी उपस्थिति में हुई इस बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने परियोजना का पूरे दिल से स्वागत करते हुए अपनी सहमति दे दी है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री खांडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर इस संबंध में खुशी साझा की। उन्होंने बताया कि वातोंग के लोगों ने इस ऐतिहासिक परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सर्वसम्मति से अपनी मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री खांडू ने कहा, “मैं इस ऐतिहासिक परियोजना को मंजूरी देने के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूँ। यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।”









