ईटानगर: भारत के अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में स्थित प्रसिद्ध ग्लो झील को अंतर्राष्ट्रीय महत्व के रामसार स्थल के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। यह अरुणाचल प्रदेश का पहला रामसार स्थल है।
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री खांडू के अनुसार, ग्लो झील को रामसार स्थल का दर्जा मिलना राज्य के लिए एक गर्व का क्षण है। इस मान्यता से क्षेत्र में जैव विविधता के संरक्षण, सतत आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने और अमूल्य पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के लिए नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।











