अमेरिकी हमले रुकने तक बंद रहेगा होर्मुज जलडमरूमध्य, ईरानी सेना ने दी तेल आपूर्ति ठप करने की धमकी

77bd3edd-3566-4a76-b7fc-0993dd0c4142

तेहरान: अमेरिका के भीषण सैन्य हमलों और घेराबंदी के बीच ईरान की सेना (आईआरजीसी) ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि जब तक अमेरिका अपनी आक्रामक कार्रवाइयों को पूरी तरह बंद नहीं करता, तब तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को नहीं खोला जाएगा।
आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिकी हमले जारी रहे, तो क्षेत्रीय तेल आपूर्ति को पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा।
​ईरानी सेना ने संकेत दिया है कि वे लाल सागर में स्थित ‘बाब अल मंडेब’ जैसे अन्य प्रमुख निर्यात कॉरिडोर को भी बंद कर सकते हैं, जिसका उपयोग सऊदी अरब बड़े पैमाने पर तेल निर्यात के लिए करता है।
इससे पहले, अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में जारी गतिरोध के बाद ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी कर दी थी। ईरानी सेना का कहना है कि अमेरिकी आक्रामकता के कारण दुनिया को होने वाला तेल और गैस का निर्यात प्रभावित हुआ है, इसलिए अब इस क्षेत्र से या तो सभी देश ऊर्जा का निर्यात करेंगे या फिर कोई भी नहीं कर पाएगा।
​दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा के बदले जहाजों पर २० प्रतिशत शिपिंग शुल्क लगाने का अपना विवादित प्रस्ताव वापस ले लिया है। ट्रम्प ने खाड़ी देशों के नेताओं के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि सहयोगी देशों ने शुल्क के बदले अमेरिका में अरबों डॉलर का अतिरिक्त निवेश करने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि दुनिया के इस सबसे व्यस्त ऊर्जा मार्ग की सुरक्षा के लिए खाड़ी देशों द्वारा अमेरिका में निवेश करना सुरक्षा भूमिका को बनाए रखने का एक बेहतर तरीका होगा।

About Author

Advertisement