तेहरान: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका के साथ हुए समझौते में “राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने वाले प्रावधान शामिल कराने में सबसे बड़ी भूमिका” निभाई है।
एक्स (X) पर किए गए पोस्ट में उन्होंने लिखा, “यदि सभी प्रावधान सही तरीके से लागू किए जाते हैं, तो इसे देश के लिए एक गौरवपूर्ण दस्तावेज माना जा सकता है।”
अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर अब तक सर्वोच्च नेता की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। मार्च में सर्वोच्च नेता बनने के बाद मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। उन्होंने अपने पिता आयतुल्ला अली खामेनेई का स्थान लिया था।
वहीं, अमेरिका के साथ बातचीत में मुख्य वार्ताकार की भूमिका निभाने वाले ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर ग़ालिबाफ ने कहा कि ईरान ने “अंतिम विजय की ओर एक बड़ा कदम” उठाया है।
उन्होंने ईरानी जनता के “ऐतिहासिक प्रतिरोध” की सराहना की है।
एक्स पर एक संक्षिप्त पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरानी जनता का व्यवहार और “राष्ट्र के अस्तित्व को मिटाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सशस्त्र बलों की बहादुरी” ने ईरान को “अंतिम विजय की दिशा में एक बड़ा कदम आगे बढ़ाने” में मदद की है।










