सिलीगुड़ी: सिक्किम के ‘मैराथन मैन’ के नाम से मशहूर जाने-माने धावक अमर सुब्बा प्रतिष्ठित ‘मुंबई अल्ट्रा १२ आवर्स रन’ में भाग लेने के लिए मंगलवार को मुंबई के लिए रवाना हुए। इस ऐतिहासिक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन १५ अगस्त के दिन मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में होगा।
पिछले साल भी इस कठिन चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा कर चुके सुब्बा इस वर्ष विशेष आमंत्रण पर पुनः इस प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं। इस प्रतियोगिता का सबसे खास पहलू यह है कि यह शत-प्रतिशत परोपकारी (चैरिटी) दौड़ है, जिससे जुटाई गई राशि टाटा मेमोरियल अस्पताल में कैंसर से जूझ रहे साहसी बच्चों के इलाज और सहायता में खर्च की जाएगी।
’मुंबई रनर्स’ समूह द्वारा आयोजित यह वार्षिक दौड़ प्रतियोगिता हर साल भारत के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित की जाती है। अपनी इस यात्रा और सहभागिता के लिए धावक अमर सुब्बा ने पर्यटन मंत्री छिरिंग टी भूटिया और २०वें छुजाचेन निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत १२वें सुडुंगलाखा, कोप्चे के संदीप गुरुंग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।










