नई दिल्ली: विश्व रैंकिंग में १९वें स्थान पर रहने वाली खिलाड़ी एकातेरिना अलेक्जेंड्रोवा ने विश्व की नंबर एक खिलाड़ी तथा चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन आर्यना सबालेंका को तीन सेट तक चले रोमांचक मैच में ७-६ (३), ४-६, ६-४ से पराजित कर कनाडा ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। अलेक्जेंड्रोवा की विश्व की नंबर एक खिलाड़ी के विरुद्ध यह तीसरी जीत है। इससे पहले उन्होंने मियामी ओपन २०२४ में इगा स्वियातेक और २०२५ में दोहा ओपन में सबालेंका को पराजित किया था। यह अलेक्जेंड्रोवा का छठा डब्ल्यूटीए १००० क्वार्टर फाइनल होगा। दोहा २०२५ के बाद वह पहली बार इस स्तर तक पहुंची हैं। महिला एकल के एक अन्य मैच में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना ने अमांड एनिसिमोवा को ६-२, ६-४ से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले दो बार की एनबीओ चैंपियन जेसिका पेगुला को १५वीं वरीयता प्राप्त डायना श्नाइडर ने ६-३, ६-३ से पराजित कर बड़ा उलटफेर किया। इसी तरह इगा स्वियातेक ने शुरुआती झटके के बाद वापसी करते हुए मार्ता कोस्त्युक को ३-६, ६-१, ६-२ से पराजित किया।











