नई दिल्ली: ११ अक्टूबर का दिन देश और दुनिया के इतिहास में कई महत्वपूर्ण घटनाओं, जन्म और प्रमुख आयोजनों से जुड़ा हुआ है।
देश दुनिया के इतिहास में ११ अक्टूबर की तारीख पर दर्ज कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है~
११३८: इतिहास का सबसे भीषण और विनाशकारी भूकंप आज के दिन सीरिया के अलेप्पो शहर में आया था। इस प्राकृतिक आपदा में करीब २,३०,००० लोगों की जान गई थी, जो इसे मानव इतिहास के सबसे घातक भूकंपों में से एक बनाता है।
१५२१: पोप लियो दशम ने इंग्लैंड के राजा हेनरी अष्टम को ‘आस्था के रक्षक’ की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया था। उस समय जर्मनी के पादरी मार्टिन लूथर ने रोमन कैथोलिक चर्च की प्रथाओं के खिलाफ आवाज़ उठाई थी, जिससे ‘प्रोटेक्टेंट सुधार आंदोलन’ की शुरुआत हुई। राजा हेनरी अष्टम ने कैथोलिक चर्च और सात संस्कारों के समर्थन में एक प्रसिद्ध पुस्तक लिखी, जिसका नाम ‘असेर्टियो सेप्टेम सैक्रामेंटोरम’ था। इसी साहित्यिक और धार्मिक योगदान से प्रसन्न होकर पोप लियो दशम ने उन्हें इस उपाधि से नवाजा था।
१६३४: जर्मनी और डेनमार्क के तटीय इलाकों में आई भीषण बाढ़ (बुर्चार्डी बाढ़) ने तबाही मचाई थी, जिसमें करीब १५,००० लोग डूबकर मर गए थे।
१७३७: कलकत्ता (अब कोलकाता) में एक बहुत ही विनाशकारी चक्रवाती तूफान आया था, जिसे १७३७ कलकत्ता चक्रवात (या हुगली नदी चक्रवात) के नाम से जाना जाता है। इस तूफान के कारण भारी बारिश, तेज हवाएं और गंगा नदी के डेल्टा क्षेत्र में १० से ४० फीट ऊंची विनाशकारी समुद्री लहरें (स्टॉर्म सर्ज) उठी थीं। ईस्ट इंडिया कंपनी के शुरुआती रिकॉर्ड के अनुसार, इस आपदा में करीब ३,००० लोगों की मौत हुई थी।
१८८१: अमेरिकी आविष्कारक डेविड हेंडरसन हॉस्टन ने रोल फिल्म के लिए पहला पेटेंट हासिल किया था, जिसने फोटोग्राफी को आम लोगों तक पहुँचाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। डेविड हेंडरसन ने बाद में अपने इस रोल फिल्म पेटेंट के अधिकार जॉर्ज ईस्टमेन को बेच दिए थे। जॉर्ज ईस्टमेन ने इसी तकनीक का इस्तेमाल करके दुनिया का पहला व्यावसायिक रूप से सफल ‘कोडाक कैमरा’ बाजार में उतारा।
१८९९: दक्षिण अफ्रीका में ब्रिटिश साम्राज्य और बोअरों (ट्रांसवाल और ऑरेंज फ्री स्टेट) के बीच दूसरा बोअर युद्ध शुरू हुआ।
बोअर क्षेत्रों में सोने और हीरे की खोज, तथा ब्रिटिश सरकार द्वारा ट्रांसवाल की सीमाओं से ब्रिटिश सेनाएं हटाने के बोअरों के अल्टीमेटम (चेतावनी) को अस्वीकार करना युद्ध का मुख्य कारण था। यह ३१ मई १९०२ तक चला। इस युद्ध में अंततः ब्रिटिश सेना की विजय हुई और दोनों बोअर गणराज्य ब्रिटिश साम्राज्य में मिला लिए गए। १९१० में ये क्षेत्र मिलकर ‘दक्षिण अफ्रीका संघ’ बने।
१९११: इस दिन वुचांग विद्रोह की शुरुआत हुई थी। यह चीनी इतिहास की एक युगांतरकारी घटना थी जिससे एशिया के सबसे पुराने साम्राज्य किंग राजवंश का पतन हुआ और चीन गणराज्य की स्थापना हुई। यह विद्रोह एक बम धमाके के बाद हुई थी।
१९३०: पंडित जवाहरलाल नेहरू को नैनी सेंट्रल जेल (इलाहाबाद, अब प्रयागराज) से रिहा किया गया था। नमक सत्याग्रह और सविनय अवज्ञा आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें १४ अप्रैल १९३० को गिरफ्तार किया गया था।
१९३२: संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में राजनीतिक अभियान के लिए पहला टेलीविज़न प्रसारण किया गया था। यह इतिहास में पहली बार था जब किसी राजनैतिक गतिविधि को प्रसारित करने के लिए इस प्रकार की तकनीक का प्रयोग किया गया।
१९३९: अमेरिकी राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट को अल्बर्ट आइंस्टीन का वह प्रसिद्ध पत्र मिला, जिसमें उन्होंने अमेरिका को अपना परमाणु कार्यक्रम तेजी से विकसित करने का आग्रह किया था। अल्बर्ट आइंस्टीन ने यह प्रसिद्ध पत्र २ अगस्त १९३९ को लिखा था जिसे राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट तक ११ अक्टूबर १९३९ को अर्थशास्त्री और सलाहकार अलेक्जेंडर सैक द्वारा पहुंचाया गया था। इस पत्र को भौतिकविद् लियो स्ज़िलार्ड ने तैयार किया था और इस पर अल्बर्ट आइंस्टीन के हस्ताक्षर थे। पत्र में आशंका जताई गई थी कि नाजी जर्मनी यूरेनियम का उपयोग करके बेहद शक्तिशाली परमाणु बम विकसित कर सकता है।
इसी पत्र के चलते अमेरिका ने अपना परमाणु शोध तेज किया, जिससे आगे चलकर ‘मैनहट्टन प्रोजेक्ट’ की शुरुआत हुई। बाद में आइंस्टीन ने इस पत्र को अपने जीवन की “सबसे बड़ी भूल” बताया था, क्योंकि उन्हें तब यह जानकारी नहीं थी कि जर्मनी परमाणु बम बनाने में सफल नहीं हो पाएगा।
१९६८: अमेरिका के पहले मानवयुक्त अपोलो मिशन, ‘अपोलो ७’, को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया गया था। इस मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरिक्ष की कक्षा से पहली बार टेलीविजन पर सीधा प्रसारण करके इतिहास रचा था। इस मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री शामिल थे—वॉल्टर शिरा, डॉन आइज़ल और वॉल्टर कनिंघम। यह अपोलो कार्यक्रम का पहला ऐसा मिशन था जिसमें इंसानों को अंतरिक्ष में भेजा गया था। इसका मुख्य उद्देश्य अंतरिक्ष यान की प्रणालियों और चालक दल की क्षमता की जांच करना था, जिसने आगे चलकर चंद्रमा पर इंसानों को पहुंचाने (अपोलो ११) का रास्ता साफ किया। अंतरिक्ष से किए गए इन लाइव प्रसारणों को दुनिया भर में लाखों लोगों ने देखा। इसके लिए अंतरिक्ष यात्रियों को एक विशेष एमी पुरस्कार भी दिया गया था।
१९८४: अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री कैथरीन डी. सुलिवन अंतरिक्ष में चहलकदमी करने वाली पहली अमेरिकी महिला बनी थीं। वह नासा के चैलेंजर अंतरिक्ष शटल (एसटीएस-४१-जी मिशन) पर सवार थीं।
१९८७: भारतीय शांति सेना (आईपीकेएफ) ने श्रीलंका के जाफना प्रायद्वीप को लिट्टे लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम (एलटीटीई) के नियंत्रण से मुक्त कराने के लिए ‘ऑपरेशन पवन’ की शुरुआत की थी। इस ऑपरेशन की शुरुआत ११ अक्टूबर १९८७ की रात को जाफना विश्वविद्यालय पर हेलीकॉप्टर के जरिए उतारे गए कमांडो और सिख लाइट इन्फेंट्री के हमले से हुई थी। इस भीषण संघर्ष में भारतीय सेना के लगभग १,१७१ से १,२०० जवान शहीद हुए और ३,५०० से अधिक घायल हुए। यह अभियान मार्च १९९० में समाप्त हुआ।
१९९४: अमेरिका में कोलोराडो सुप्रीम कोर्ट ने राज्य के संविधान के ‘संशोधन २’ को असंवैधानिक घोषित कर दिया था। यह संशोधन स्थानीय सरकारों द्वारा समलैंगिक समुदाय को भेदभाव से बचाने के लिए कानून बनाने पर रोक लगाता था। कोलोराडो के मतदाताओं ने १९९२ में एक जनमत संग्रह के जरिए ‘संशोधन २’ को मंजूरी दी थी। इसका उद्देश्य डेनवर, बोल्डर और एस्पेन जैसे शहरों में समलैंगिकों के अधिकारों की रक्षा करने वाले भेदभाव-विरोधी कानूनों को रद्द करना और भविष्य में ऐसे कानून बनने से रोकना था। ११ अक्टूबर १९९४ को कोलोराडो सुप्रीम कोर्ट ने ६-१ के बहुमत से इसे असंवैधानिक ठहराया। अदालत ने कहा कि यह संशोधन समलैंगिक नागरिकों को राजनीतिक प्रक्रिया में समान रूप से भाग लेने के उनके मौलिक अधिकार से वंचित करता है।
२०००: मार्टिन काउंटी, केंटुकी के इनेज़ शहर के पास टग फोर्क नदी और बिग सैंडी नदी की सहायक नदियों में एक बड़ी पर्यावरणीय आपदा तब होती है जब इनमे से ३० करोड़ (३०० मिलियन) गैलन से अधिक जहरीला कोयला कीचड़ बहा था। जिसके परिणामस्वरूप एक ऊर्जा कंपनी का बांध ढह गया और लाखों मछलियां मर गई। इसकी सफाई और हर्जाने के लिए मैसी एनर्जी और उसकी सहायक कंपनियों को कुल मिलाकर लगभग ४६ मिलियन से ७८ मिलियन डॉलर के बीच खर्च और जुर्माना देना पड़ा था।
२०००: दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड (यूसीबीएसए) ने पूर्व कप्तान हंसी क्रोनिए पर मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी में संलिप्तता के कारण क्रिकेट के सभी प्रारूपों से आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। जून २००० में ‘किंग्स कमीशन’ के सामने हैंसी क्रोनिए ने स्वीकार किया था कि उन्होंने १९९६ से २००० के बीच सट्टेबाजों और बुकीज़ से हजारों डॉलर लिए थे और अन्य खिलाड़ियों को भी खराब प्रदर्शन के लिए पैसे की पेशकश की थी।
२०००: इंटरनेशनल वुमन ऑफ द ईयर एसोसिएशन ने अंतरिक्ष की यात्रा करने वाली दुनिया की पहली महिला, रूस की वालेनतिना तेरेशकोवा को “ग्रेटेस्ट वुमन अचीवर ऑफ द सेंचुरी” के खिताब से सम्मानित किया था। उन्होंने १६ जून १९६३ को सोवियत संघ के अंतरिक्ष यान वोस्तोक ६ से उड़ान भरकर अंतरिक्ष में जाने वाली पहली महिला होने का गौरव हासिल किया था।
अंतरिक्ष के इतिहास में वह एकमात्र ऐसी महिला हैं जिन्होंने अकेले अंतरिक्ष उड़ान पूरी की थी।
उन्होंने अंतरिक्ष में लगभग ७१ घंटे (लगभग ३ दिन) बिताए और पृथ्वी के ४८ चक्कर लगाए थे।
२००१: त्रिनिदाद में जन्मे भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक विद्याधर सूरज प्रसाद नायपॉल को वर्ष २००१ के साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी। उन्हें उनके उपन्यासों और यात्रा वृत्तांतों में अद्भुत गहराई तथा सांस्कृतिक सत्य को उजागर करने के लिए यह सम्मान मिला था। उन्हें वर्ष १९९० में ब्रिटेन की महारानी द्वारा ‘नाइटहुड’ की उपाधि भी प्रदान की गई थी।
२००२: फिनलैंड के वांटा शहर में स्थित म्यूरमान्नी शॉपिंग मॉल में एक भयानक बम विस्फोट हुआ था। इस आत्मघाती हमले में हमलावर सहित सात लोगों की मौत हो गई थी और १६० से अधिक लोग घायल हुए थे। यह विस्फोट १९ वर्षीय केमिकल इंजीनियरिंग के छात्र पेट्री एर्की तापियो गेर्ड्ट ने किया था, जो खुद भी इस धमाके में मारा गया।
२००२: नेपाल के तत्कालीन राजा (नरेश) ज्ञानेन्द्र वीर विक्रम शाह देव ने एक शाही घोषणा के जरिए लोकेन्द्र बहादुर चन्द को नेपाल का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। इससे ठीक एक हफ़्ते पहले (४ अक्टूबर २००२ को), राजा ज्ञानेन्द्र ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा को बर्खास्त कर दिया था और शासन की बागडोर पूरी तरह अपने हाथों में ले ली थी। लोकेन्द्र बहादुर चन्द की यह नियुक्ति राजा द्वारा मनोनित सरकार के मुखिया के तौर पर हुई थी।
२००२: अमेरिकी कांग्रेस (संसद) ने इराक प्रस्ताव पारित किया था, जिसने तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश को इराक के खिलाफ सैन्य बल प्रयोग करने का व्यापक अधिकार दिया था। इसे आधिकारिक तौर पर “इराक के खिलाफ सैन्य बल के उपयोग का प्राधिकरण” कहा जाता है।
इस प्रस्ताव के पारित होने के कुछ महीनों बाद, मार्च २००३ में अमेरिका के नेतृत्व में गठबंधन सेना ने इराक पर आक्रमण कर दिया था।
२००५: अमेरिकी वैज्ञानिक और व्यवसायी ग्रेगोरी ओल्सन दुनिया के तीसरे अंतरिक्ष पर्यटक बनकर सुरक्षित पृथ्वी पर लौटे थे। वे सोयूज टीएमए-६ अंतरिक्ष यान के जरिए अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से वापस आए थे और कजाकिस्तान में लैंड किया था। उन्होंने अंतरिक्ष में लगभग १० दिन बिताए थे।
२००७: ऑस्ट्रेलिया के तत्कालीन प्रधान मंत्री जॉन हॉवर्ड ने सिडनी इंस्टीट्यूट में दिए एक ऐतिहासिक भाषण में यह घोषणा की थी कि यदि उनकी सरकार आगामी आम चुनाव में पुनः चुनी जाती है, तो वह १८ महीनों के भीतर ऑस्ट्रेलियाई संविधान में देश के मूल निवासियों को मान्यता देने के लिए एक वैध जनमत संग्रह कराएंगे।
२००७: ब्रिटेन की उपन्यासकार डोरिस लेसिंग को वर्ष २००७ के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुने जाने की घोषणा की गई थी।
जब स्वीडिश अकादमी द्वारा इस पुरस्कार की घोषणा की गई, तब डोरिस लेसिंग ८७ वर्ष की थीं, जिससे वह साहित्य का नोबेल पुरस्कार पाने वाली अब तक की सबसे उम्रदराज व्यक्ति बनीं। वह नोबेल पुरस्कार के इतिहास में साहित्य की श्रेणी में यह सम्मान पाने वाली ११वीं महिला थीं।
२००८: बेल्जियम के दृष्टिहीन ड्राइवर ल्यूक कॉस्टरमंस ने फ्रांस के इस्त्रेस में लैंबोर्गिनी गैलार्डो कार चलाकर ३०८.७८ किमी प्रति घंटा (१९२ मील प्रति घंटा) की गति का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
२००८: तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में नौगाँव स्टेशन से हरी झण्डी दिखाकर कश्मीर घाटी की पहली रेलगाड़ी को रवाना किया था।
२०१०: भारत के आंध्र प्रदेश के अनंतपुर शहर में तेलुगु देशम पार्टी के एक प्रमुख नेता पी. रघुनाथ रेड्डी की दिनदहाड़े एक रेस्तरां में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
२०१०: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के नोनथाबुरी प्रांत में स्थित एक नवनिर्मित ५-मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक में एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में भीषण बम धमाका हुआ था। इस हादसे में ३ लोगों की मौत हो गई थी और ९ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
२०१०: अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में तालिबान चरमपंथियों ने एक भारतीय गैर-सरकारी संगठन के कार्यालय पर मिसाइल से हमला किया था। इस कायरतापूर्ण हमले में २ भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। इसी दिन अफ़ग़ान मिलिटेंट हमलों में ४ अन्य नागरिकों की भी जान गई थी।
२०११: २६/११ मुंबई आतंकी हमलों के मामले में भारत ने पाकिस्तान को ११वां डोजियर सौंपा था। इस डोजियर में भारत ने मुख्य रूप से लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और आतंकी जकीउर रहमान लखवी के खिलाफ पाकिस्तान द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने पर बेहद सख्त नाराजगी व्यक्त की थी।
२०११: यूक्रेन की एक अदालत ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री यूलिया टिमोशेन्को को पद के दुरुपयोग का दोषी पाते हुए ७ साल जेल की सजा सुनाई थी। यह मामला २००९ में रूस के साथ हुए एक गैस समझौते से जुड़ा था। अदालत ने माना कि उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया, जिससे यूक्रेन को भारी वित्तीय नुकसान हुआ था। इस फैसले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, विशेष रूप से यूरोपीय संघ और अमेरिका द्वारा काफी आलोचना की गई थी, जिन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित बताया था। बाद में, २०१४ में यूक्रेन की क्रांति (यूरोमैदान) के बाद उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया था।
२०११: अमेरिकी न्याय विभाग और एफबीआई जैसी जांच एजेंसियों ने वाशिंगटन डी.सी. में एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी साजिश का भंडाफोड़ किया था। इस साजिश के तहत अमेरिका में सऊदी अरब के तत्कालीन राजदूत अदेल अल-जुबैर की एक व्यस्त रेस्तरां में बम विस्फोट के जरिए हत्या करने की योजना बनाई गई थी। इसके साथ ही वाशिंगटन में सऊदी अरब और इजरायली दूतावासों को भी निशाना बनाने की बात सामने आई थी।
२०११: श्रेणी-२ का खतरनाक हरिकेन जोवा मैक्सिको के प्रशांत तट से टकराया था। इसके कारण तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे भारी बाढ़ और भूस्खलन हुए। बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से कई लोगों की जान गई और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था।
२०११: न्यूजीलैंड के इतिहास की सबसे गंभीर पर्यावरणीय आपदाओं में से एक दर्ज की गई थी, जब मालवाहक जहाज एमवी रेना से हुआ तेल रिसाव देश का सबसे बड़ा समुद्री पर्यावरणीय संकट बन गया। असल में, ५ अक्टूबर २०११ को ‘एमवी रेना’ नामक एक बड़ा कंटेनर जहाज न्यूजीलैंड के टॉरंगा तट के पास ‘अस्ट्रोलाबे रीफ’ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के कुछ दिनों बाद, ११ अक्टूबर को मौसम खराब होने के कारण जहाज को भारी नुकसान पहुंचा, जिससे उससे लगभग ३५० टन कच्चा तेल समुद्र में रिस गया। इस रिसाव के कारण टॉरंगा और प्लेंटी की खाड़ी के खूबसूरत समुद्र तट बुरी तरह प्रदूषित हो गए। तेल की चपेट में आने से हजारों समुद्री पक्षी मारे गए और स्थानीय जलीय जीवन को गंभीर नुकसान पहुंचा।
२०१२: यमन की राजधानी सना में एक अज्ञात बंदूकधारी ने अमेरिकी दूतावास के सुरक्षा प्रमुख कासिम एम. अकलान की गोली मारकर हत्या कर दी।
२०१२: सीरियाई गृहयुद्ध के दौरान सीरियाई सेना द्वारा की गई भारी बमबारी और सैन्य कार्रवाई में एक ही दिन में ८३ से अधिक नागरिकों की मौत हो गई थी।
२०१२: भारत के तत्कालीन केंद्रीय कैबिनेट ने १९८६ के ‘महिलाओं का अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम’ में महत्वपूर्ण संशोधन को मंजूरी दी। इसके तहत अश्लील एमएमएस, एसएमएस या ईमेल भेजने को गंभीर अपराध माना गया और सजा को ३ साल तक बढ़ाने के साथ-साथ जुर्माना ५ हजार से बढ़ाकर १ लाख रुपये कर दिया गया था।
२०१२: तुर्की ने मॉस्को से दमिश्क जा रहे एक सीरियाई विमान को जबरन रोककर उसकी तलाशी ली और दावा किया कि उसमें रूसी सैन्य उपकरण ले जाए जा रहे थे। इस घटना के बाद सीरिया ने तुर्की पर विमान ‘पायरेसी’ का आरोप लगाया, जिससे दोनों देशों के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई थी।
२०१२: दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के मौसम से ठीक पहले एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए इंडियन मुजाहिदीन के ३ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और खतरनाक विस्फोटक सामग्री बरामद की थी।
२०१३: जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर (कछाल इलाका) में पाकिस्तान की तरफ से संघर्ष विराम (सीजफायर) का उल्लंघन कर फायरिंग की गई। इस गोलीबारी में भारतीय सेना का १ जवान शहीद हो गया था।
२०१३: भूमध्य सागर (सिसली के चैनल) में प्रवासियों से भरी एक नाव पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में २७ से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और लगभग २०० लोगों को इतालवी और माल्टीज़ नौसेना द्वारा रेस्क्यू किया गया था। यह उस दौरान यूरोप की तरफ पलायन करने वाले शरणार्थियों के साथ हुए बड़े हादसों में से एक था।
२०१३: भारत के ओडिशा और आंध्र प्रदेश राज्यों में विनाशकारी चक्रवात फैलिन के आने की आशंका के चलते इतिहास का सबसे बड़ा बचाव अभियान चलाया गया था, जिसमें लगभग ५ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
२०१४: जापान के ओकिनावा द्वीप की तरफ तेजी से बढ़ रहा शक्तिशाली चक्रवाती तूफान ‘टाइफून वोंगफोंग’ (जापान में इसे स्थानीय रूप से ‘टाइफून नंबर १९’ भी कहा गया) २०१४ का दुनिया का सबसे शक्तिशाली और भीषण उष्णकटिबंधीय चक्रवात था। ओकिनावा द्वीप से टकराते समय इस तूफान में १४० किमी/घंटा से अधिक की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई, जिससे बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।
२०१४: भारत में बिहार के किशनगंज जिले में एक मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने के बाद सांप्रदायिक तनाव भड़क उठा था, जिसके बाद सुरक्षा बलों को मुस्तैद किया गया।
२०१४: पश्चिमी अफ्रीका में फैले इबोला संकट के बीच, इस दिन सिएरा लियोन के अधिकारियों ने वैश्विक स्तर पर यह स्वीकार किया कि इबोला महामारी का प्रकोप उनके नियंत्रण से बाहर होता जा रहा है।
२०१४: पाकिस्तान के मुल्तान शहर में विपक्षी नेता इमरान खान की एक बड़ी राजनीतिक रैली के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम ७ लोगों की मौत हो गई और करीब ४० से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
२०१५: इजरायल द्वारा गाजा पट्टी में हमास के हथियार ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए हवाई हमले में एक घर ढह गया, जिससे एक गर्भवती फिलिस्तीनी महिला और उसकी दो साल की बेटी की मौत हो गई।
२०१५: नाइजीरियाई सीमा के पास उत्तरी कैमरून के सांगुलेरी क्षेत्र में एक आत्मघाती बम विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम ८ लोगों की जान चली गई।
२०१५: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के चैत्य भूमि जाकर डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी और उनके भव्य स्मारक की आधारशिला रखी।
२०१५: यमन के अल बायदा प्रांत में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा एक जेल पर किए गए हवाई हमले में २० कैदियों की मौत हो गई।
२०१५: काबुल के जॉय शिर इलाके में सुबह करीब ९:१५ बजे ब्रिटिश सैन्य बलों के एक काफिले को निशाना बनाकर आत्मघाती कार बम धमाका किया गया था। इस हमले में किसी भी ब्रिटिश सैनिक की मौत नहीं हुई थी पर धमाके की चपेट में आने से ३ से ७ स्थानीय नागरिक (जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे) घायल हुए थे। आत्मघाती हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई थी और काफिले के वाहनों को नुकसान पहुंचा था। इस हमले की जिम्मेदारी तालिबान ने ली थी और इसे कुंदुज में हुए अमेरिकी हवाई हमलों का बदला बताया था।
२०१६: भारत की राजधानी नई दिल्ली के जंगपुरा इलाके में एक गैस पाइपलाइन फट गई। इस अचानक हुए हादसे में १ व्यक्ति की मौत हो गई और २ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
२०१६: उत्तर प्रदेश के बागपत में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें २ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और ३ लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
२०१६: टेक दिग्गज सैमसंग ने बैटरी में धमाके और आग लगने के लगातार मामलों के कारण अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन गैलेक्सी नोट ७ का उत्पादन हमेशा के लिए बंद करने और उसे बाजार से पूरी तरह वापस लेने का ऐतिहासिक फैसला किया।
२०१६: चीन के झेजियांग प्रांत के वेनझोउ शहर में अचानक चार आवासीय इमारतें ढह गईं। इस मलबे में दबने के कारण २२ लोगों की मौत हो गई थी।
२०१६: संयुक्त राज्य अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य के ईस्ट हार्टफोर्ड में एक गंभीर विमान हादसा हुआ था। संघीय जांच एजेंसियों (एनटीएसबी और एफबीआई) की जांच में यह साफ हुआ था कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि छात्र पायलट द्वारा विमान से आत्महत्या करने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास था। विमान में दो लोग सवार थे—४३ वर्षीय मुख्य उड़ान प्रशिक्षक एरियन प्रीवेला और २८ वर्षीय जॉर्डन के छात्र पायलट फेरास फ्रीतेख। उड़ान के दौरान जब विमान हार्टफोर्ड-ब्रेनार्ड एयरपोर्ट पर लैंड करने की तैयारी कर रहा था, तब छात्र फेरास ने विमान के कंट्रोल्स को अपने कब्जे में ले लिया और सब कुछ उल्टा-पुल्टा करने लगा। प्रशिक्षक एरियन प्रीवेला ने कंट्रोल्स को वापस लेने के लिए छात्र के साथ काफी संघर्ष किया, लेकिन छात्र ने कंट्रोल्स छोड़ने से साफ इनकार कर दिया, जिसके कारण विमान एक बिजली के खंभे से टकराकर मेन स्ट्रीट पर क्रैश हो गया और उसमें आग लग गई। इस भीषण क्रैश में आत्मघाती कदम उठाने वाले छात्र पायलट फेरास फ्रीतेख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, फ्लाइट इंस्ट्रक्टर एरियन प्रीवेला गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद चमत्कारिक ढंग से जीवित बच गए। विमान जिस जगह क्रैश हुआ, वह सैन्य जेट-इंजन निर्माता कंपनी ‘प्रैट एंड व्हिटनी’ के मुख्यालय के बेहद करीब था। सड़क पर जा रही एक कार भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बची।
२०१६: सीरियाई गृहयुद्ध के दौरान ‘सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स’ के अनुसार, रूसी लड़ाकू विमानों ने विद्रोही कब्जे वाले पूर्वी अलेप्पो के आसपास के गांवों में भारी बमबारी की, जिसमें ५० से अधिक नागरिकों की जान चली गई।
२०१६: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में स्थित कार्त-ए-सखी शिया दरगाह पर आशुरा के पवित्र अवसर के दौरान अफगान पुलिस की वर्दी पहने एक बंदूकधारी ने अंधाधुंध गोलीबारी की। इस भीषण हमले में कम से कम १४ लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए।
२०१७: स्पेन से अलग होने के लिए कैटालोनिया के तत्कालीन नेता ने एक विवादित स्वतंत्रता आंदोलन छेड़ा था, जिससे पूरे यूरोप में राजनीतिक हड़कंप मच गया था। आज के दिन स्पेन सरकार की सख्ती के बाद वहां के नेता को स्वतंत्रता की घोषणा को निलंबित करना पड़ा था।
२०१७: अक्टूबर २०१७ के इस हफ्ते में अमेरिका के उत्तरी कैलिफोर्निया में इतिहास की सबसे विनाशकारी आग भड़की हुई थी। इस दिन यह आग तेजी से रिहायशी इलाकों में फैल चुकी थी, जिससे मरने वालों का आंकड़ा १७ से ऊपर पहुंच गया था और हजारों लोग बेघर हो गए थे।
२०१८: फ्रांस और इटली के कई हिस्से भीषण बाढ़ की चपेट में आए। फ्रांस के सैंटे मैक्सिमे शहर में कार बह जाने से दो लोगों की डूबकर मौत हो गई और इटली के कैग्लियारी में भी मौतें दर्ज की गईं। कई पुल ढह गए और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
२०१८: मेक्सिको के मोंटेरे शहर में एक निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल की इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस मलबे में दबने से ७ मजदूरों की मौत हो गई और १५ से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
२०१८: मध्य कोलंबिया के मार्वेटालिया शहर में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने कई रिहायशी घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे १२ लोगों की मौत हो गई।
२०१८: पाकिस्तान के सुक्कुर इलाके में एक पुराने घर की दीवार अचानक ढह जाने से खेल रहे ८ बच्चों की मौत हो गई और ३ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
२०१८: अमेरिका के फ्लोरिडा और जॉर्जिया में तबाही मचाने के बाद इस दिन हरिकेन माइकल कमजोर होकर ट्रॉपिकल स्टॉर्म में बदल गया था, लेकिन इसके कारण हुए भीषण जलभराव और बवंडर से मध्य अमेरिका (होंडुरास, निकारागुआ) में १३ से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
२०१८: पूर्वी युगांडा के बुडुडा जिले में भारी बारिश के बाद एक नदी का तटबंध टूट गया। इसके बाद आए भयंकर मलबे और बाढ़ की चपेट में आने से कम से कम ४१ लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग लापता व विस्थापित हुए।
२०१८: अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए उड़ान भरने वाला रूसी अंतरिक्ष यान सोयूज़ एमएस-१० लॉन्च के कुछ ही मिनटों बाद हवा में बूस्टर रॉकेट की खराबी के कारण क्रैश होने की स्थिति में आ गया। हालांकि, आपातकालीन सुरक्षा प्रणाली सक्रिय होने के कारण अमेरिकी और रूसी अंतरिक्ष यात्री कजाकिस्तान में सुरक्षित लैंडिंग करने में सफल रहे और एक बड़ा वैश्विक हादसा टल गया।
२०१८: बेहद प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘तितली’ ने सुबह ओडिशा के गोपालपुर और आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के तटों पर दस्तक दी। १३० से १५० किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाओं के कारण भारी तबाही मची। आंध्र प्रदेश में इस तूफान के कारण ८ लोगों की मौत हुई, पेड़ व बिजली के खंभे उखड़ गए और कई घर तबाह हो गए। ओडिशा में इतिहास की सबसे बड़ी आपदा तैयारियों के तहत ३ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।
२०१९: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच तमिलनाडु के महाबलीपुरम में दूसरी अनौपचारिक शिखर वार्ता शुरू हुई थी।
२०१९: भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ नाबाद २५४ रनों की पारी खेली और टेस्ट क्रिकेट में ७,००० रन पूरे किए।
२०१९: इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद को इरिट्रिया के साथ सीमा संघर्ष सुलझाने और शांति प्रयासों के लिए वर्ष २०१९ के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई थी।
२०१९: रैनबैक्सी और फोर्टिस के पूर्व प्रमोटर्स मालविंदर सिंह (११ अक्टूबर २०१९, लुधियाना से) और शिविंदर सिंह (१० अक्टूबर २०१९ देर रात) को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ₹७४० करोड़ के कथित धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया था।
२०१९: स्थान: सऊदी अरब के जेद्दाह शहर से लगभग ९५ किलोमीटर (६० मील) दूर लाल सागर में सऊदी अरब के तट के पास एक ईरानी तेल टैंकर पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, जिससे तेल का रिसाव हुआ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में २% का उछाल आया। इसने मध्य-पूर्व में युद्ध जैसी स्थिति और भू-राजनीतिक तनाव को बेहद बढ़ा दिया था।
२०२०: दूसरे नागर्नो-काराबाख युद्ध के दौरान अज़रबैजान के दूसरे सबसे बड़े शहर गांजा पर एक भीषण गादामी (बैलिस्टिक) मिसाइल हमला हुआ था। इस हमले में ९ नागरिकों की मौत हो गई थी (जिसमें ४ महिलाएं शामिल थीं) और ३४ अन्य लोग घायल हुए थे, जिनमें ६ बच्चे भी शामिल थे।
२०२०: अफगानिस्तान के सर-ए पोल प्रांत में सड़क किनारे एक भीषण बम विस्फोट हुआ, जिसमें १० अफगान सैनिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
२०२०: भारत में कोविड-१९ संक्रमितों का कुल आंकड़ा ७० लाख (७ मिलियन) के पार पहुंच गया था।
२०२०: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वज़ीरिस्तान में आतंकवादियों के हमले में २ पाकिस्तानी सैनिकों की जान चली गई।
२०२१: भूमध्य सागर में लीबिया के तट (जुवारा/सब्राथा के पास) एक दुखद हादसा हुआ था, जिसमें कम से कम १५ प्रवासियों की दम घुटने और डूबने से मौत हो गई थी। यह हादसा तब हुआ जब लगभग १०५ प्रवासियों को लेकर जा रही एक लकड़ी की नाव लीबिया के जुवारा तट से रवाना हुई और समुद्र में संकट में फंस गई। नाव पर सवार लोग यूरोप (मुख्य रूप से इटली) पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।
२०२१: नाइजर देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित तिजीगोरोउ गांव की एक मस्जिद पर आतंकियों ने भीषण हमला किया था। बंदूकधारी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए और उन्होंने उस समय मस्जिद को निशाना बनाया जब लोग शाम/रात की नमाज़ अदा कर रहे थे। इस अंधाधुंध गोलीबारी में १० निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई थी।
२०२१: जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में आतंकवादियों के साथ हुई एक गंभीर मुठभेड़ में भारतीय सेना के एक जेसीओ सहित ५ सैनिक शहीद हो गए थे।
२०२१: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के विरोध में महाविकास अघाड़ी (शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस) ने ‘महाराष्ट्र बंद’ का आह्वान किया था।
२०२१: अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया के सैंटी इलाके में हुए एक दर्दनाक विमान हादसे में विमान उड़ा रहे ६४ वर्षीय भारतीय मूल के प्रसिद्ध कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुगाता दास के अलावा जमीन पर मौजूद एक यूनाइटेड पार्सल सर्विस, कूरियर कंपनी का ड्राइवर स्टीव क्रूगर की मौत हो गई थी। लैंडिंग के समय कम विजिबिलिटी (बादलों) के कारण डॉ. दास ‘स्थानिक भटकाव’ का शिकार हो गए थे, जिससे उन्होंने विमान पर से अपना नियंत्रण खो दिया।
२०२१: चीन के शांक्सी प्रांत में रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में १५ से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस आपदा के कारण १.२ लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ा था और हजारों घर ढह गए थे।
२०२२: संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई थी कि दक्षिण सूडान में भड़की जनजातीय हिंसा के कारण ८,००० से अधिक नागरिकों को विस्थापित होना पड़ा था।
२०२२: भारत में समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का उनके पैतृक गांव सैफई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घड़ी में उत्तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित था।
२०२२: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में ‘श्री महाकाल लोक’ कॉरिडोर के पहले चरण का लोकार्पण किया था। इस पूरी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ८५६ करोड़ रुपये है, जिसमें पहले चरण पर करीब ३५१ करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह कॉरिडोर ९०० मीटर से अधिक लंबा है और पुराना रुद्र सागर झील के चारों तरफ फैला हुआ है।
२०२२: रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान रूसी सेना ने यूक्रेन के ल्वीव और अन्य शहरों के कई ‘महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों’ पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमले किए। इसके कारण ल्वीव शहर में भारी बिजली कटौती हो गई और कई आम नागरिकों की जान गई।
२०२३: इजराइल और हमास के बीच जारी युद्ध के पांचवें दिन गाजा का एकमात्र पावर प्लांट ईंधन खत्म होने के कारण बंद हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में गहरा बिजली संकट खड़ा हो गया।
२०२३: इंग्लैंड के बेडफोर्डशायर स्थित लूटन एयरपोर्ट के मल्टी-स्टोरी कार पार्क में भीषण आग लग गई, जिसके बाद वहां विमान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करना पड़ा।
२०२३: पश्चिमी अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में ६.३ तीव्रता का एक और शक्तिशाली भूकंप और आफ्टरशॉक आया। इससे पहले आए भूकंपों से तबाह हुए क्षेत्रों में इस झटके ने और अधिक नुकसान पहुंचाया, जिसमें कम से कम ३ लोगों की मौत हुई और १६९ से ज्यादा लोग घायल हुए। कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए।
२०२३: दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से असम के कामाख्या जा रही १२५०६ नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के ६ डिब्बे रात करीब ९:५३ बजे बिहार के बक्सर जिले के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। इस भीषण रेल हादसे में ४ यात्रियों की मौत हो गई थी और ७० से अधिक लोग घायल हो गए थे।
२०२४: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में कवराईपेट्टई रेलवे स्टेशन के पास मैसूरु-दरभंगा बागमती एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या १२५७७) लूप लाइन पर खड़ी एक मालगाड़ी से टकरा गई। इस टक्कर के कारण एक्सप्रेस ट्रेन के लगभग १२ से १३ डिब्बे पटरी से उतर गए और इसके पार्सल-सह-पावर कार (कोच) में आग लग गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कम से कम १९ से २० यात्री घायल हो गए जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
२०२४: महाराष्ट्र के नासिक रोड स्थित आर्टिलरी सेंटर (देवलाली) में फायरिंग अभ्यास के दौरान इंडियन फील्ड गन का गोला फटने से दो अग्निवीरों की मौत हो गई थी।
२०२४: असम के धुबरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रहे बच्चों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में ४ बच्चों की मौत हो गई।
२०२५: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा चीन पर १००% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद क्रिप्टो बाजार में आई भारी गिरावट से १९ अरब डॉलर का नुकसान हुआ।
२०२५: अमेरिका के मिसिसिपी में एक हाई स्कूल फुटबॉल मैच के बाद अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस मास शूटिंग में ४ लोगों की मौत हो गई और १२ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
११ अक्टूबर को जन्मे प्रसिद्ध व्यक्ति~
१८४४: हेनरी जे. हाइन्ज़ – प्रसिद्ध ‘हाइन्ज़’ केचप कंपनी के संस्थापक
१८८४: एलेनोर रूजवेल्ट – अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला और प्रसिद्ध मानवाधिकार राजनयिक
१८८९: मगन भाई देसाई – प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक और शिक्षाविद थे।
१९०२: जयप्रकाश नारायण – इन्हें ‘लोकनायक’ के नाम से जाना जाता है। ये भारत के प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवक और राजनीतिक नेता थे, जिन्होंने १९७० के दशक में इंदिरा गांधी के खिलाफ ‘संपूर्ण क्रांति’ आन्दोलन का नेतृत्व किया था। इन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
१९१६: नानाजी देशमुख – भारत के प्रसिद्ध समाज सेवी और भारतीय जनसंघ के नेता थे। इन्होंने ग्रामीण विकास और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए। इन्हें भी भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।
१९२३: हरीश चंद्र – विश्व प्रसिद्ध भारतीय गणितज्ञ और भौतिक विज्ञानी
१९४२: अमिताभ बच्चन – हिंदी सिनेमा के महानायक और ‘शहंशाह’ कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता। प्रयागराज (इलाहाबाद) में जन्मे अमिताभ बच्चन ने पांच दशकों से अधिक समय तक फिल्म इंडस्ट्री पर राज किया है।
१९४६: विजय पी. भटकर – भारत के प्रसिद्ध वैज्ञानिक, जिन्हें भारत के पहले सुपरकंप्यूटर ‘परम’ के विकास का नेतृत्व करने के लिए जाना जाता है।
१९६१: स्टीव यंग – अमेरिका के प्रसिद्ध पूर्व एनएफएल फुटबॉल क्वार्टरबैक (हॉल ऑफ फेम)
१९६५: रोनित रॉय – टीवी और बॉलीवुड फिल्मों के जाने-माने लोकप्रिय अभिनेता, जिन्होंने ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘उड़ान’ और ‘अदालत’ जैसे सीरियल्स और कई फिल्मों में शानदार काम किया।
१९६८: चांदचूड़ सिंह – बॉलीवुड अभिनेता, जिन्होंने ‘माचिस’ और ‘दाग द फायर’ जैसी फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाई।
१९७१: अमन वर्मा – प्रसिद्ध टेलीविजन अभिनेता और एंकर, जिन्होंने कई लोकप्रिय टीवी शो होस्ट किए हैं।
१९७२: संजय बांगर – भारत के पूर्व क्रिकेटर और भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाजी कोच।
१९८३: निविन पॉली – मलयालम सिनेमा (साउथ फिल्म इंडस्ट्री) के बेहद लोकप्रिय और पुरस्कार विजेता अभिनेता।
१९८४: करन कुंद्रा – टीवी जगत के मशहूर अभिनेता और मॉडल, जो रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ और कई टीवी धारावाहिकों के लिए जाने जाते हैं।
१९९२: कार्डी बी – मशहूर अमेरिकी रैपर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार
१९९३: हार्दिक पंड्या – भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर और टी२० वर्ल्ड कप (२०२४) विजेता टीम के उप-कप्तान। इनका जन्म ११ अक्टूबर १९९३ को गुजरात में हुआ था।
१९९६: रिया रिप्ले (असली नाम: डेमी बेनेट) – एक प्रसिद्ध ऑस्ट्रेलियाई डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर हैं। वह पूर्व महिला विश्व चैंपियन, डब्ल्यूडब्ल्यूई महिला चैंपियन, रॉयल रंबल विजेता और डब्ल्यूडब्ल्यूई विमेंस ग्रैंड स्लैम चैंपियन रह चुकी हैं।
११ अक्टूबर को हुए प्रमुख निधन~
१५३१: हुल्डरिक ज़्विंगली – स्विट्जरलैंड के प्रसिद्ध धार्मिक सुधारक और पादरी
१७७९: कैसिमिर पुलास्की – पोलिश-अमेरिकी सैन्य कमांडर (जिन्हें ‘अमेरिकी घुड़सवार सेना का जनक’ कहा जाता है)
१८०९: मेघनाथ साहा – अमेरिका के प्रसिद्ध खोजकर्ता और सैनिक (लिविस और क्लार्क अभियान के नेता)
१८८९: जेम्स प्रेस्कॉट जूल – इंग्लैंड के महान भौतिक विज्ञानी (ऊर्जा संरक्षण के नियम की खोज करने वाले वैज्ञानिक)
१८९६: एंटन ब्रुकनर – ऑस्ट्रिया के प्रसिद्ध संगीतकार और संगीत निर्देशक
१९११: सिस्टर निवेदिता – विवेकानन्द की सहयोगी तथा शिक्षिका तथा समाज सेविका।
१९६३: एडिथ पियाफ – फ्रांस की बेहद लोकप्रिय और प्रतिष्ठित गायिका और अभिनेत्री
१९६३: ज्याँ कोक्तो – फ्रांस के प्रसिद्ध कवि, लेखक, चित्रकार और फिल्म निर्देशक
१९६४: गुरू दत्त – हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता, निर्देशक और फिल्म निर्माता (१०-११ अक्टूबर की रात)
१९६५: डोरोथिया लैंग – अमेरिका की प्रसिद्ध वृत्तचित्र फोटोग्राफर
१९६८: राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज – महाराष्ट्र के प्रसिद्ध आधुनिक संत, समाज सुधारक और अंधश्रद्धा उन्मूलन कार्यकर्ता
२००२: दीना पाठक – ख़ूबसूरत और गोलमाल सहित १२० से अधिक हिन्दी फ़िल्मों में काम करने वाली प्रसिद्ध अभिनेत्री
२००४: कीथ मिलर – ऑस्ट्रेलिया के महान ऑलराउंडर क्रिकेटर और द्वितीय विश्व युद्ध के पायलट
२०१८: प्रण नेविले – भारत के प्रसिद्ध लेखक, राजनयिक और कला-संस्कृति के विशेषज्ञ
२०१९: अलेक्सी लियोनोव – सोवियत संघ (रूस) के अंतरिक्ष यात्री, जो अंतरिक्ष में चहलकदमी करने वाले दुनिया के पहले इंसान थे
२०२२: एंजेला लैंसबरी – ब्रिटिश-अमेरिकी सिनेमा और थिएटर की दिग्गज अभिनेत्री
११ अक्टूबर के महत्त्वपूर्ण अवसर एवं उत्सव~
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस: लड़कियों के अधिकारों, शिक्षा, समानता और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए यह दिवस हर साल ११ अक्टूबर को मनाया जाता है।
राष्ट्रीय कमिंग आउट डे: यह एक अंतरराष्ट्रीय जागरूकता दिवस है। यह दिन एलजीबीटीक्यू+(लेस्बियन, गे, बाईसेक्सुअल, ट्रांसजेंडर, क्वीर आदि) समुदाय के लोगों को अपनी वास्तविक पहचान (यौन अभिविन्यास या लैंगिक पहचान) को दुनिया के सामने खुलकर साझा करने (कमिंग आउट) के साहस का जश्न मनाने और उनका समर्थन करने के लिए समर्पित है।
पादरी/क्लर्जी सराहना दिवस: यह दिन पादरियों, पुरोहितों, पास्टर्स और अन्य आध्यात्मिक गुरुओं (क्लर्जी) के निस्वार्थ योगदान, मार्गदर्शन और उनके चौबीसों घंटे चर्च व समाज के प्रति समर्पित कार्यों के लिए आभार व्यक्त करने के लिए समर्पित है। हर साल अक्टूबर के दूसरे रविवार को मनाया जाता है। वर्ष २०२६ में यह विशेष दिन आज मनाया जा रहा है।
पिता-पुत्री दिवस: हर साल अक्टूबर के दूसरे रविवार को मनाया जाता है (वर्ष २०२६ में यह ११ अक्टूबर को है)। इस दिन पिता और पुत्रियां साथ मिलकर समय बिताते हैं, बातें करते हैं और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं।





