मान्यता-प्राप्त पत्रकारों जैसा संरक्षण नहीं मिल सकेगा
नई दिल्ली: भारत के सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने कंटेंट क्रिएटर, सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले लोगों और मान्यता-प्राप्त पत्रकारों के बीच स्पष्ट लक्ष्मण रेखा खींच दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़े मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने साफ किया कि स्वघोषित पत्रकारों को मान्यता-प्राप्त पत्रकारों के बराबर सुरक्षा और संरक्षण नहीं मिल सकता।
गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि पत्रकार का दर्जा खुद से घोषित कर हासिल करने वाली चीज नहीं है। प्रिंट मीडिया, टेलीविजन चैनल या पंजीकृत ऑनलाइन माध्यमों से जुड़े और प्रेस काउंसिल के तहत मान्यता-प्राप्त पत्रकारों तथा हाथ में मोबाइल लेकर रील बनाते घूमने वालों को एक ही तराजू में नहीं तौला जा सकता। न्यायमूर्ति बागची ने कहा कि हाल के समय में हर किसी के खुद को पत्रकार बताने की प्रवृत्ति बढ़ी है, ऐसे में स्वघोषित पत्रकारों को विशेष संरक्षण मिलना जरूरी नहीं है।
इससे पहले दिल्ली पुलिस भी यह दलील दे चुकी है कि प्रदर्शन स्थलों पर रील बनाने वालों और कंटेंट क्रिएटरों के कारण कानून-व्यवस्था संभालने में चुनौती बढ़ी है। खासकर दिल्ली में हुए नीट पेपर लीक आंदोलन के बाद से मोबाइल लेकर प्रदर्शन स्थलों पर पहुंचने और खुद को पत्रकार बताकर वीडियो बनाने का चलन बढ़ने से असली पत्रकार और प्रदर्शनकारियों के बीच फर्क करना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है।
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सरकार की जिम्मेदारी के बीच संतुलन साधना आवश्यक है। मुख्य न्यायाधीश ने यह संकेत भी दिया कि प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ कैसा व्यवहार किया जाना चाहिए, इस विषय पर यदि स्पष्टता की जरूरत महसूस हुई तो अदालत हस्तक्षेप करेगी। अदालत की इस टिप्पणी से सोशल मीडिया पर बिना किसी नियमन के चल रही गतिविधियों और पेशेवर पत्रकारिता के बीच स्पष्ट अंतर तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।





