बच्चेदानी में होने वाली हर दिक्कत के पीछे नहीं होता कैंसर, जानें डॉक्टर कैसे पहचानते हैं खतरा?

27508066-179d-4532-a9f0-0297d26eb66d

​नई दिल्ली: महिलाओं में पीरियड्स का अनियमित होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द, ज्यादा ब्लीडिंग या मेनोपॉज के बाद रक्तस्राव होना कई बार चिंता का कारण बन जाता है। कुछ महिलाएं इन लक्षणों को बच्चेदानी यानी यूट्रस कैंसर से जोड़कर डर जाती हैं, जबकि डॉक्टरों के अनुसार हर लक्षण कैंसर का संकेत नहीं होता। फाइब्रॉइड, पॉलीप, हार्मोनल असंतुलन और गर्भाशय की अंदरूनी परत का मोटा होना भी इसकी वजह हो सकते हैं।
​प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राखी शर्मा के अनुसार, मेनोपॉज के बाद वजाइना से खून आना, पीरियड्स के बीच ब्लीडिंग या लगातार असामान्य रक्तस्राव होने को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह से जांच कराना जरूरी है। यूट्रस कैंसर की पुष्टि केवल लक्षण या अल्ट्रासाउंड से नहीं होती, इसलिए डॉक्टर जरूरत के अनुसार कई जांच करते हैं।
​लक्षण और जोखिम के कारक
​यूट्रस कैंसर के प्रमुख संकेतों में असामान्य वजाइनल ब्लीडिंग शामिल है। इसके अलावा कुछ महिलाओं को पेल्विक दर्द, पेट में भारीपन या पेशाब संबंधी बदलाव भी हो सकते हैं। खतरे को समझने के लिए डॉक्टर महिला की उम्र, वजन, पीरियड्स का इतिहास, हार्मोनल स्थिति और मेडिकल हिस्ट्री की जांच करते हैं।
​खासकर मोटापा, टाइप-२ डायबिटीज, मेटाबॉलिक सिंड्रोम और लंबे समय तक शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का प्रभाव बने रहने से एंडोमेट्रियल कैंसर यानी गर्भाशय की अंदरूनी परत के कैंसर का जोखिम बढ़ता है। इसके अलावा पीसीओएस के कारण नियमित ओव्यूलेशन न होने, कभी गर्भधारण न होने, बढ़ती उम्र तथा पारिवारिक इतिहास या लिंच सिंड्रोम जैसी आनुवंशिक स्थिति में भी जोखिम बढ़ सकता है।
​कैसे की जाती है जांच?
​डॉक्टर सबसे पहले बच्चेदानी के निचले हिस्से यानी सर्विक्स की जांच कर घाव, असामान्य बदलाव या ब्लीडिंग के संकेत देखते हैं। इसके बाद गर्भाशय की स्थिति जानने के लिए पेट के ऊपर से या ट्रांसवेजाइनल पेल्विक अल्ट्रासाउंड किया जाता है।
​कैंसर की पुष्टि के लिए एंडोमेट्रियल बायोप्सी सबसे महत्वपूर्ण जांच है, जिसमें गर्भाशय की अंदरूनी परत से टिशू या कोशिकाओं का छोटा नमूना लेकर लैब में माइक्रोस्कोप से जांच की जाती है। जरूरत पड़ने पर कैमरे वाली पतली ट्यूब से गर्भाशय के अंदर देखने के लिए हिस्टेरोस्कोपी की जाती है। वहीं, बीमारी के फैलाव का आकलन करने के लिए एमआरआई और सीटी स्कैन का इस्तेमाल होता है। समय पर जांच और सही निदान से उपचार अधिक प्रभावी हो पाता है।

About Author

Advertisement