नई दिल्ली: पंजाब किंग्स ने पारस म्हाम्ब्रे को अपना गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। म्हाम्ब्रे फ्रेंचाइजी में जेम्स होप्स की जगह लेंगे। होप्स ने पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
वहीं, पंजाब की फ्रेंचाइजी फील्डिंग कोच के रूप में राजीव कुमार को नियुक्त करने की तैयारी में है। वह टीम में पूर्व फील्डिंग कोच ब्रैड हेडिन की जगह लेंगे। राजीव चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कोचिंग टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
पारस म्हाम्ब्रे को गेंदबाजी कोच के रूप में लंबा अनुभव है। वह भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच के तौर पर काम कर चुके हैं। म्हाम्ब्रे २०२१ से २०२४ तक राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच थे। इसके अलावा वह इंडिया ए और इंडिया अंडर-१९ टीमों के गेंदबाजी कोच के रूप में भी काम कर चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में वह बंगाल, महाराष्ट्र, बड़ौदा और विदर्भ के कोच रह चुके हैं।
आईपीएल में भी म्हाम्ब्रे लंबे समय तक मुंबई इंडियंस से जुड़े रहे। वह आईपीएल के पहले सीजन (२००८) में सपोर्ट स्टाफ के रूप में मुंबई इंडियंस में शामिल हुए थे। फ्रेंचाइजी ने २०१० में उन्हें सहायक कोच बनाया था। इसके बाद २०१७ में वह टीम से अलग हो गए थे। फिर २०२४ से २०२६ तक वह दोबारा मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच रहे।
गेंदबाजी कोच के रूप में म्हाम्ब्रे के लंबे अनुभव का फायदा पंजाब किंग्स को मिल सकता है, जो अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश में है। म्हाम्ब्रे को मुख्य कोच रिकी पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पंजाब की गेंदबाजी को मजबूत करना होगा।
पंजाब किंग्स आईपीएल की उन फ्रेंचाइजी में से एक है, जो पहले सीजन से ही लीग का हिस्सा रही है, लेकिन अब तक खिताब नहीं जीत सकी है। इस दौरान टीम ने २०१४ और २०२५ के सीजन में फाइनल में जगह बनाई थी।
आईपीएल २०२५ में अय्यर के कप्तान और पोंटिंग के मुख्य कोच बनने के बाद टीम के खिताब जीतने की उम्मीद बढ़ गई थी। पिछले आईपीएल सीजन में भी टीम ने शानदार शुरुआत की थी। आधे सीजन तक पंजाब शीर्ष स्थान पर थी, लेकिन बाद में प्रदर्शन में गिरावट आने के कारण टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी।





