बर्लिन। यूक्रेन युद्ध के कारण पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे रूस और ३२ देशों के सैन्य गठबंधन ‘नाटो’ के बीच अब अंतरिक्ष गतिविधियों को लेकर नया विवाद शुरू हो गया है। रूस द्वारा आगामी कुछ हफ्तों के भीतर पृथ्वी की कक्षा में परमाणु हथियार से लैस उपग्रह (सैटेलाइट) प्रक्षेपित करने की तैयारी की खबरें सामने आने के बाद नाटो ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
जर्मन मीडिया के अनुसार, नाटो के महासचिव मार्क रुटे ने चेतावनी दी है कि अंतरिक्ष से आने वाले किसी भी खतरे के खिलाफ गठबंधन अपनी पूरी तरह रक्षा करेगा। सोमवार को बर्लिन में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ मुलाकात के बाद बोलते हुए महासचिव रुटे ने स्पष्ट किया कि नाटो की सुरक्षा प्रतिबद्धता केवल जमीन, आकाश और समुद्र तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि नाटो क्षेत्र के एक-एक इंच और अंतरिक्ष की सुरक्षा के लिए भी सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, रूस वास्तव में परमाणु हथियार युक्त उपग्रह लॉन्च करने जा रहा है या नहीं, इस बारे में नाटो या मॉस्को में से किसी ने भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जर्मनी के प्रसारण संस्थानों और समाचार पत्रों ने सैन्य एवं खुफिया सूत्रों के हवाले से उल्लेख किया है कि रूस आगामी कुछ हफ्तों के भीतर ‘स्पुतनिक-एस’ नामक उपग्रह लॉन्च करने की योजना बना रहा है। परमाणु वारहेड से लैस इस उपग्रह का उपयोग पृथ्वी की कक्षा में मौजूद संचार और निगरानी उपग्रहों को नष्ट करने के लिए किए जाने की आशंका जताई गई है। जर्मन चांसलर मर्ज ने टिप्पणी की है कि हालांकि ऐसी रिपोर्टें नई नहीं हैं, लेकिन यह दर्शाती हैं कि रूस तनाव बढ़ाने के लिए किस हद तक जा सकता है।
इधर, जर्मन सरकार के प्रवक्ता ने इस विषय को अत्यंत गंभीरता से लिए जाने की बात कही है, वहीं मॉस्को ने इस दावे को खारिज कर दिया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अज्ञात सूत्रों के आधार पर आई ऐसी अपुष्ट खबरों को गंभीरता से लेने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इस बीच, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के प्रमुख जोसेफ एशबैकर ने अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की संभावित मौजूदगी को ‘सबसे भयानक स्थिति’ करार दिया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि अंतरिक्ष की कक्षा में परमाणु विस्फोट होता है, तो उसका असर किसी एक लक्ष्य तक सीमित न रहकर पृथ्वी की कक्षा में मौजूद अन्य कई उपग्रहों को भी विनाशकारी क्षति पहुंचाएगा।





