नई दिल्ली: कतर में चार साल से अधिक समय से हिरासत में बंद भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर पूर्णेंदु तिवारी की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आने के बाद भारत सरकार सक्रिय हो गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कतर के अधिकारियों से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी मांगी है और उचित इलाज सुनिश्चित करने की अपील की है।
साल २०२२ में जासूसी के आरोपों में कतर में गिरफ्तार किए गए भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों में तिवारी भी शामिल थे। कतर की अदालत द्वारा सजा कम किए जाने और वहां के अमीर के रिहाई का आदेश देने के बाद अन्य सात अधिकारी भारत लौट चुके हैं, जबकि तिवारी अब भी कतर की हिरासत में हैं।
विदेश मंत्रालय की पहल
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया में आई खबरों पर संज्ञान लेते हुए बताया कि कतर प्रशासन से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
”हमने तिवारी की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में मीडिया में कुछ खबरें देखी हैं। उनकी कुशलक्षेम जानने और यदि आवश्यक हो तो उचित चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराने के लिए हमने कतर के अधिकारियों से आग्रह किया है,” जायसवाल ने कहा।
मंत्रालय ने बताया कि तिवारी को हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली है और उनकी मेडिकल रिपोर्ट तथा स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में अधिक विवरण मांगा गया है। प्रवक्ता जायसवाल ने स्पष्ट किया कि कमांडर तिवारी की सहायता के लिए भारत हरसंभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है और मंत्रालय उनके परिवार तथा कतर के अधिकारियों के निरंतर संपर्क में है।





