बेल्जियम के दिग्गज रोमेलु लुकाकु ने की अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा

IMG-20261117-WA0050

नई दिल्ली: बेल्जियम के दिग्गज स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकु ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की है। इसके साथ ही बेल्जियम के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले लुकाकु के १६ साल लंबे यादगार अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लग गया। उन्होंने अपने करियर में बेल्जियम के लिए १३५ मैच खेलकर रिकॉर्ड ९४ गोल किए।
लुकाकु ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा कर अपने संन्यास की जानकारी दी। उन्होंने अक्टूबर में फ्रांस के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। यूईएफए नेशन्स लीग के उस मुकाबले में बेल्जियम को १-४ से हार का सामना करना पड़ा था।
रोमेलु लुकाकु बेल्जियम की राष्ट्रीय टीम की ओर से सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। इस सूची में दिग्गज मिडफील्डर केविन डी ब्रुइन ४१ गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में लुकाकु से आगे पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (१४६), अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी (१२६), ईरान के अली दाई (१०८) और भारत के सुनील छेत्री (९५ गोल) शामिल हैं।
अपने संन्यास संदेश में लुकाकु ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय टीम के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश की। इसके साथ ही उन्होंने अपने साथियों, प्रशिक्षकों और प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
लुकाकु ने कहा, “इन १६ वर्षों में मैंने राष्ट्रीय टीम के लिए अपना सब कुछ दिया। इस दौरान मैंने हर तरह की भावनाओं का सामना किया और कुछ असाधारण साथी पाए। मैं उन सभी का आभारी हूं। मैं उन सभी प्रशिक्षकों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे प्रेरित करने के साथ-साथ मेरी क्षमताओं पर भरोसा जताया। इसी तरह बेल्जियम के प्रशंसकों से मिले समर्थन को मैं कभी नहीं भूलूंगा। मुझे ४ फीफा विश्व कप और ३ यूरोपीय चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला और इस पर मुझे गर्व है। मेरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा असाधारण रही और मुझे अपनी उपलब्धियों पर गर्व है।”
इस बीच, बेल्जियम फुटबॉल महासंघ ने भी लुकाकु की उपलब्धियों की सराहना की है। महासंघ की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्रीय टीम के प्रति गहरे लगाव के कारण लुकाकु ने बेल्जियम फुटबॉल के इतिहास में विशेष स्थान बनाया है। महज १६ साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने से लेकर दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका सफर युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।”
उल्लेखनीय है कि लुकाकु बेल्जियम की चर्चित गोल्डन जेनरेशन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। इस पीढ़ी में केविन डी ब्रुइन, थिबॉट कोर्टुआ और ईडन हेजार्ड जैसे खिलाड़ी शामिल रहे हैं।
पिछले रविवार को नेशन्स लीग में इटली के खिलाफ बेल्जियम की ४-१ की यादगार जीत के दौरान लुकाकु टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला।

About Author

Advertisement