मुशफिकुर ७००० टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर

IMG-20261109-WA0064

सिलहट: बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। वह टेस्ट क्रिकेट में ७००० रन पूरे करने वाले बांग्लादेश के पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने सोमवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के पांचवें दिन यह उपलब्धि हासिल की।
मुशफिकुर ने मैच की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के स्पिन गेंदबाज रोस्टन चेस की गेंद पर १ रन लेकर अपना निजी स्कोर ९ रन पहुंचाया और इसी के साथ टेस्ट करियर के ७००० रन पूरे कर लिए।
३९ वर्षीय मुशफिकुर ने अपने शानदार टेस्ट करियर में इससे पहले भी बांग्लादेश की ओर से ५००० और ६००० टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
उन्होंने अब तक अपने टेस्ट करियर में १०७ मैच खेलकर ३९.११ की औसत से ७०४० रन बनाए हैं। इसमें १४ शतक और ३० अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद २१९ रन है।
मुशफिकुर टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में मोमिनुल हक दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने अब तक ५२९३ रन बनाए हैं। वहीं, संन्यास ले चुके तमीम इकबाल के नाम ५१३४ टेस्ट रन दर्ज हैं। इस तरह मुशफिकुर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोमिनुल हक से काफी आगे हैं।
वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। मैच में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में ३५६ रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्लादेश ने ३८६ रन बनाकर पहली पारी के आधार पर ३० रन की मामूली बढ़त हासिल की।
इसके बाद वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में ६ विकेट पर ३९८ रन बनाकर पारी घोषित कर दी और बांग्लादेश के सामने जीत के लिए ३६९ रन का लक्ष्य रखा।
मैच के अंतिम दिन बांग्लादेश ने ४ विकेट पर १८४ रन बनाए। इसके बाद दोनों टीमों के कप्तान टेस्ट मैच को ड्रॉ कराने पर सहमत हो गए।

About Author

Advertisement