पेलाटाइन (इलिनॉय): भारतीय मूल की डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार नबीला सैयद ने अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने इलिनॉय राज्य के २६वें सीनेट डिस्ट्रिक्ट से रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डार्बी हिल्स को पराजित कर जीत हासिल की।
चुनाव में नबीला को ५६.१ प्रतिशत मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डार्बी हिल्स को ४३.९ प्रतिशत मत प्राप्त हुए। २७ वर्षीया नबीला इलिनॉय जनरल असेंबली में चुनी जाने वाली सबसे कम उम्र की प्रतिनिधि तथा पहली दक्षिण एशियाई-मुस्लिम महिला हैं। इससे पूर्व २३ वर्ष की आयु में ही इलिनॉय के ५१वें हाउस डिस्ट्रिक्ट से निर्वाचित होकर उन्होंने इतिहास रचा था।
पेलाटाइन में जन्मी और पली-बढ़ी नबीला के माता-पिता मूल रूप से भारत के हैदराबाद के रहने वाले हैं, जो १९८० के दशक में अमेरिका जाकर बस गए थे। नबीला ने स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच, दवाओं की कीमतों पर नियंत्रण, महिला स्वास्थ्य एवं गर्भपात के अधिकार, बंदूक हिंसा पर रोक तथा शिक्षा में निवेश बढ़ाने जैसे विषयों को अपना मुख्य चुनावी मुद्दा बनाया था।





