हेमिल्टन: न्यूजीलैंड ने पाँचवें तथा अंतिम टी२० मैच में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को ७ विकेट से पराजित कर दिया। अंतिम २ मैचों में निराशाजनक हार का सामना करने के बावजूद भारत ने ५ टी२० मैचों की सीरीज ३-२ से जीत ली। भारत ने सीरीज के पहले ३ मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के बाद शेष २ मैचों में हार का सामना किया, जो श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के लिए चिंता का विषय है। सेडोन पार्क में रविवार को टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने खराब शुरुआत के बाद ईशान किशन (६१) और कप्तान श्रेयस अय्यर (५० रन) के अर्द्धशतक की सहायता से २० ओवर में ८ विकेट खोकर १९१ रन बनाए। इसके बाद न्यूजीलैंड ने टिम साइफर्ट (९३) और फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स (नाबाद ६५ रन) के अर्द्धशतक की सहायता से १८ ओवर में ही ३ विकेट पर १९५ रन बनाकर मैच जीत लिया।
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने ओपनर फिन एलन का विकेट दूसरे ओवर में ही गंवा दिया, जिन्होंने केवल २ रन बनाए। केवल ९ रन पर पहला विकेट गिरने के बाद साइफर्ट ने न्यूजीलैंड को संभाला। उन्होंने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए ७३ रन की साझेदारी की। मिचेल १६ बॉल में ४ छक्कों की सहायता से २९ रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने। दूसरे विकेट के पतन के बाद साइफर्ट ने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर मैच को नियंत्रण में रखा। इन दोनों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुलाई करते हुए तीसरे विकेट के लिए ८६ रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड को जीत की दहलीज पर पहुँचा दिया। शतक के करीब पहुँचकर साइफर्ट १६वें ओवर में आउट हुए। उन्होंने ५० बॉल का सामना करते हुए ११ चौकों और ५ छक्कों की सहायता से ९३ रन बनाए। साइफर्ट के आउट होने के बाद फिलिप्स ने बेवोन जेकब्स (नाबाद १) के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। फिलिप्स ने ८ चौकों और ३ छक्कों की सहायता से ३८ बॉल में नाबाद ६५ रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह, वरुण और नितिश कुमार रेड्डी ने १-१ विकेट लिया।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और १९ रन के स्कोर तक दोनों ओपनर आउट हो गए। इसमें संजू सैमसन ने ४ और अभिषेक शर्मा ने १ रन बनाया। निराशाजनक शुरुआत के बाद भारत के लिए ईशान किशन और कप्तान श्रेयस ने संघर्ष शुरू किया। इन दोनों ने बेहतरीन लय में बैटिंग करते हुए तेजी से रन बनाए। ईशान और श्रेयस ने तीसरे विकेट के लिए ९३ रन की साझेदारी की। जब तक ये दोनों क्रीज पर रहे, ऐसा लग रहा था कि भारत २२०-२३० रन के स्कोर तक पहुँच जाएगा, लेकिन दोनों के लगातार अंतराल पर आउट होने से भारत को करारा झटका लगा। ईशान ने ३२ बॉल में ५ चौकों और ५ छक्कों की सहायता से ६१ रन बनाए। इसी तरह श्रेयस ने २३ बॉल में ४ छक्कों और ३ चौकों की सहायता से ५० रन बनाए। उपकप्तान तिलक वर्मा आज भी फ्लॉप रहे, जो केवल ६ रन बना सके। अंत में नमन धीर और नितिश रेड्डी ने साथ मिलकर संघर्षपूर्ण बैटिंग करते हुए भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए ४६ रन जोड़े। नमन धीर ने २३ बॉल में ३३ रन बनाए, जिसमें ४ चौके और १ छक्का शामिल है। इसी तरह नितिश रेड्डी ने १७ बॉल में २२ रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार ने ६ रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों में एडम मिल्ने ने सर्वाधिक ४ विकेट लिए, जिन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच का पुरस्कार मिला।





