डोपिंग में फंसे हरमनजोत सिंह पर अस्थायी प्रतिबंध

IMG-20261012-WA0055

​नई दिल्ली: एशियाई क्रॉस कंट्री चैम्पियनशिप में इस साल रजत पदक जीतने वाले और टीसीएस वर्ल्ड बेंगलुरु १० किलोमीटर रेस में भारतीय वर्ग के विजेता लंबी दूरी के धावक हरमनजोत सिंह डोप में फंस गए हैं। नाडा द्वारा लिए गए उनके नमूने (सैंपल) में स्टेरॉयड मिटेंडिनोन पाया गया है। उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब वे १८ अक्टूबर को होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। उन्हें इस प्रतिष्ठित हाफ मैराथन में भारतीय वर्ग का विजेता बनने का मुख्य दावेदार माना जा रहा था।
​नाडा ने पंजाब के हरमनजोत का नमूना प्रतियोगिता से बाहर १२ अगस्त को एशियाई खेलों के लिए लगाए गए शिविर में लिया था। उनकी डोप पॉजिटिव रिपोर्ट इस हफ्ते आई। हरमनजोत ने एशियाई खेलों के ट्रायल के रूप में भुवनेश्वर में आयोजित इंटर-स्टेट एथलेटिक्स मीट में ५००० मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था, लेकिन वे एशियाड की टीम में जगह बनाने में असफल रहे थे।
​हरमनजोत को अब अपने ‘बी’ सैंपल की जांच करानी होगी। ‘बी’ सैंपल में भी पॉजिटिव आने पर उन्हें नाडा के सुनवाई पैनल के समक्ष अपना पक्ष रखना होगा। यदि उनका जवाब असंतोषजनक रहता है, तो उन पर ४ साल तक का प्रतिबंध लग सकता है। पिछले कुछ समय से मध्य और लंबी दूरी के कई एथलीट डोप में फंसे हैं। एशियाई खेलों से पहले अभिषेक पाल को भी पॉजिटिव पाया गया था और वे एशियाड के लिए जापान नहीं जा सके थे।

About Author

Advertisement