मैच जिताऊ अर्धशतक के साथ अभिषेक ने बनाए कई रिकॉर्ड

IMG-20261012-WA0052

​इंदौर: भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी२० अंतर्राष्ट्रीय मैच में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इंदौर के होलकर स्टेडियम में रविवार को अभिषेक ने केवल १८ गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने टी२० अंतर्राष्ट्रीय में अपने २००० रन भी पूरे कर लिए। इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले वे छठे भारतीय बन गए हैं। अभिषेक ने मैच में ६ छक्कों और ५ चौकों की मदद से ३० गेंदों में ६९ रन बनाए।
​केवल १८ गेंदों में अर्धशतक पूरा कर अभिषेक टी२० अंतर्राष्ट्रीय में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने विराट कोहली और संजू सैमसन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने २१-२१ गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
​समग्र रूप से वेस्टइंडीज के खिलाफ टी२० अंतर्राष्ट्रीय में सबसे तेज १५ गेंदों में अर्धशतक का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक के नाम है। अभिषेक ने १८ गेंदों में अर्धशतक बनाकर इस सूची में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया है। ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर और न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो ने भी कैरेबियाई टीम के खिलाफ १८ गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
​इसी तरह रविवार को अभिषेक टी२० अंतर्राष्ट्रीय में २००० रन पूरे करने वाले छठे भारतीय बन गए। इससे पहले रोहित शर्मा, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और केएल राहुल यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। भारत के लिए इस प्रारूप में सर्वाधिक ४२३१ रन रोहित ने बनाए हैं। कोहली ४११८ रनों के साथ दूसरे और सूर्यकुमार ३२७२ रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अभिषेक ने अब तक ६५ टी२० अंतर्राष्ट्रीय मैचों की ६४ पारियों में २०३६ रन बनाए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में ३ शतक और १४ अर्धशतक जड़े हैं।
​उल्लेखनीय है कि रविवार को खेले गए तीसरे टी२० अंतर्राष्ट्रीय मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को १४ रनों से हराकर ५ मैचों की सीरीज में २-१ की बढ़त हासिल कर ली। मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने २० ओवर में सभी विकेट खोकर २२३ रन बनाए। भारतीय पारी में अभिषेक के अलावा ईशान किशन ने १८ गेंदों में ३७ रन बनाए, जिसमें ६ चौके और १ छक्का शामिल है। इसके अलावा तिलक वर्मा ने २८ और नितिश कुमार रेड्डी ने २१ रनों का योगदान दिया। वेस्टइंडीज के गेंदबाजों में रोस्टन चेज, शमार जोसेफ और शमार स्प्रिंगर ने २-२ सफलताएं हासिल कीं।
​मैच जीतने के लिए २२४ रनों का लक्ष्य लेकर उतरी वेस्टइंडीज की टीम २० ओवर में ७ विकेट खोकर २०९ रन ही बना सकी। शिमरोन हेटमायर ने सर्वाधिक ४३ रन बनाए। उन्होंने २६ गेंदें खेलकर ६ चौके और २ छक्के लगाए। इसके अलावा कामिल पूरन ने २७ गेंदों में ४२ रन बनाए, जिसमें ३ छक्के और ३ चौके शामिल हैं। इन दोनों के अलावा शमार स्प्रिंगर ने नाबाद ३५ और शेरफेन रदरफोर्ड ने ३२ रनों का योगदान दिया। स्प्रिंगर ने ११ गेंदों का सामना कर ४ छक्के और २ चौके लगाए। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक ३ विकेट हासिल किए।

About Author

Advertisement