कीव: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में रह रहे विदेशी नागरिकों और राजनयिकों को शहर छोड़ने तथा यूक्रेन की यात्रा न करने की चेतावनी दी है।
इसके साथ ही रूस ने कीव के स्थानीय निवासियों को सैन्य और प्रशासनिक केंद्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
रूसी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि रूस कीव सहित यूक्रेन के अन्य शहरों में मौजूद सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर लगातार हमले जारी रखेगा। मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेनी सेना द्वारा रूस के नागरिकों और बुनियादी ढांचे के खिलाफ किए गए ‘आतंकवादी कृत्यों’ के जवाब में ये हमले जारी रखे जाएंगे।
मॉस्को ने चेतावनी दी है कि इस चेतावनी को नजरअंदाज करने से होने वाले किसी भी प्रतिकूल परिणाम की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की स्वयं होगी।
इससे पहले रूस ने २५ मई को अपने विदेशी साझेदारों को भेजे गए कूटनीतिक नोट के माध्यम से भी ऐसी चेतावनी दी थी। इसके बाद २७ मई को उप विदेश मंत्री मिखाइल गालुज़िन ने राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधियों के लिए आयोजित ब्रीफिंग में भी इस मुद्दे को दोहराया था।
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय संघ के सदस्य देशों, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड समेत कई देश भी अपने नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा न करने की बार-बार सलाह देते रहे हैं।





