असम: ‘गजमुक्ता’ के निर्माता दिलीप सुर को मुख्यमंत्री सरमा ने किया याद

IMG-20260924-WA0072

असम के फिल्म और सांस्कृतिक इतिहास में सुर का योगदान स्मरणीय: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी: असम के फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले वरिष्ठ फिल्मकर्मी एवं अभिनेता दिलीप सुर को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने याद किया। उन्होंने दिलीप सुर को असम के फिल्म इतिहास का एक समर्पित कलाकार और फिल्मकर्मी बताते हुए कहा कि उनके योगदान को नई पीढ़ी द्वारा जानना और उस पर चर्चा करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोशल मीडिया फेसबुक पर बताया कि हाल ही में कार्बी आंगलोंग में प्रवास के दौरान उनकी मुलाकात दिलीप सुर के पुत्र संजय सुर से हुई। बातचीत के दौरान उन्हें दिलीप सुर के सांस्कृतिक और फिल्म जगत में दिए गए योगदान के बारे में जानकारी मिली।
मुख्यमन्त्री के अनुसार, दिलीप सुर ने निर्माता, निर्देशक और अभिनेता के रूप में असमिया तथा पूर्वोत्तर भारत के फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान दिया। फिल्म निर्माण के प्रति गहरी रुचि और प्रतिबद्धता के कारण उन्होंने फिल्मों, वृत्तचित्रों, लघु फिल्मों तथा रंगमंच के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने दिलीप सुर के महत्वपूर्ण योगदानों में ‘गजमुक्ता’ फिल्म के निर्माण का भी उल्लेख किया। अजीत लाहिड़ी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में टॉम ऑल्टर, बिजू फुकन, सौमित्र चटर्जी, मुनमुन सेन और ज्ञानेश मुखर्जी जैसे प्रसिद्ध कलाकारों ने अभिनय किया था। फिल्म का संगीत दिग्गज कलाकार डॉ. भूपेन हजारिका ने दिया था।
हालांकि, दिलीप सुर का योगदान केवल फिल्म निर्माण तक सीमित नहीं था। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कार्बी आंगलोंग में फिल्म गतिविधियों के शुरुआती विकास में उनकी भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
रंगमंच के क्षेत्र में भी दिलीप सुर के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि उन्होंने परागधर चलिहा, प्रफुल्ल बरुआ और अब्दुल मजीद जैसे प्रसिद्ध व्यक्तित्वों के निर्देशन में नाटकों में अभिनय किया था। वर्ष १९७१ में शिवसागर नाट्य समाज की ‘अभियात्री’ नाट्य प्रस्तुति में उन्होंने अभिनय किया था। यह नाटक नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय नाट्य प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ नाटक के सम्मान से नवाजा गया था।
मुख्यमंत्री सरमा के अनुसार, दिलीप सुर जैसे सांस्कृतिक एवं फिल्मकर्मियों के योगदान का मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि उन्होंने कितनी फिल्मों का निर्माण किया अथवा कितनी भूमिकाओं में अभिनय किया। बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि उन्होंने किस दौर में, किस तरह के माहौल में और कितने सीमित संसाधनों के बीच काम किया। ऐसी परिस्थितियों के बावजूद फिल्म और संस्कृति की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के उनके प्रयास विशेष रूप से स्मरणीय हैं।
आज असमिया तथा पूर्वोत्तर भारत का फिल्म जगत नई तकनीक, नए विषयों और नए दर्शकों के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा के शुरुआती दौर में रास्ता तैयार करने वाले अग्रणी स्रष्टाओं को याद करना हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने कहा कि समय के साथ दिलीप सुर का योगदान भले ही विस्मृति की ओट में चला जाए, लेकिन फिल्म और सांस्कृतिक क्षेत्र के प्रति उनकी निष्ठा तथा योगदान असम के सांस्कृतिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय बना रहेगा। उन्होंने नई पीढ़ी के बीच ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्वों के योगदान को सामने लाने तथा उनके कार्यों पर आगे अध्ययन और चर्चा किए जाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

About Author

Advertisement