त्रिपुरा: स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के विस्तार का दावा

IMG-20260924-WA0073

राज्य से बाहर रेफर होने वाले मरीजों की संख्या ८० प्रतिशत घटी

अगरतला: नागरिकों की दहलीज तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की सरकार की प्रतिबद्धता के तहत राज्य में स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार को गति दी गई है। यह जानकारी त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने दी।
मुख्यमंत्री साहा के अनुसार, एडी नगर में एक अर्बन पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही राधानगर, धलेश्वर, जगहरिमुड़ा, उजान अभयनगर और रामकृष्ण शिवालय आश्रम में निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के नए भवनों का भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया।
उन्होंने बताया कि राज्यभर में अब तक लगभग १,११० आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं। उनके अनुसार, इससे प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं अधिक मजबूत और आसानी से उपलब्ध हुई हैं।
मुख्यमंत्री साहा ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के चलते इलाज के लिए राज्य से बाहर रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या में हाल के वर्षों में उल्लेखनीय कमी आई है। उनके द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, २०२३ में ५५५, २०२४ में ४९५ और २०२५ में 366 मरीजों को राज्य से बाहर रेफर किया गया था। वर्ष २०२६ में यह संख्या घटकर १६१ रह गई है।
मुख्यमंत्री का दावा है कि कुछ वर्षों के दौरान राज्य से बाहर रेफर किए जाने वाले मरीजों की संख्या में लगभग ८० प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे तक सेवाओं के विस्तार से स्थानीय स्तर पर ही इलाज की सुविधाएं बढ़ रही हैं।
सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से अपने विचार साझा करते हुए मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे का विकास नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

About Author

Advertisement