नई दिल्ली: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए एशियाई खेलों की बैडमिंटन टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत ने आज जापान को ३-० से पराजित किया। इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में पहुँचकर पदक पक्का कर लिया। आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोकी वातानाबे को सीधे गेम में हराकर भारत को ३-० की अजेय बढ़त दिलाई। अब भारतीय टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना होगा। वहीं भारतीय महिला बैडमिंटन टीम जापान के खिलाफ हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गई।
इसी तरह वुशू में भारत की रोशिबिना देवी ने मकाऊ चीन की चू मेन सिन को डब्ल्यूपीडी (अंकों के अंतर से जीत) के माध्यम से हराकर महिलाओं की ६० किग्रा सांडा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ रोशिबिना ने भारत के लिए एक और पदक सुनिश्चित कर दिया। उन्होंने २०१८ एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक जीता था।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेल २०२६ में गोलों की वर्षा जारी रखते हुए मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ १६-१ से जीत हासिल की। गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए पूल ए के मैच में गत चैंपियन भारत ने आसानी से जीत दर्ज की। भारत की पूल ए में यह लगातार दूसरी जीत है। भारत ने अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ १३-१ की जीत के साथ की थी।
श्रीलंका के खिलाफ मैच में भारत की ओर से जुगराज सिंह ने अकेले ४ गोल किए। इसके अलावा अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने भी हैट्रिक बनाई। वहीं हरमनप्रीत ने २ तथा मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, मनप्रीत सिंह और विवेक सागर ने १-१ गोल किया। भारत का अगला मुकाबला २४ सितंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ होगा।





