नई दिल्ली: एशियाई खेल दो हजार छब्बीस में भारत को रविवार के दिन दूसरा पदक भी शूटिंग में हासिल हुआ। स्टार शूटर इलावेनिल वालारिवन ने महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीता। रविवार को हुई स्पर्धा के फाइनल में इलावेनिल ने शुरुआत से ही अच्छा प्रदर्शन किया और लंबे समय तक शीर्ष पर बनी रहीं। रोमांचक फाइनल के अंतिम तीन शॉट में जापान की हिनाता ताइची ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। हिनाता ने दो सौ तिरपन दशमलव शून्य अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस तरह भारत की इलावेनिल दो सौ बावन दशमलव चार अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। इस प्रकार इलावेनिल केवल शून्य दशमलव छह अंक के अंतर से स्वर्ण पदक जीतने से चूक गईं। स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की हियोजिन बान ने दो सौ तीस दशमलव चार अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक जीता। इलावेनिल शुरुआत से ही स्वर्ण पदक की दौड़ में आगे चल रही थीं लेकिन अंतिम चरण में हिनाता ने समीकरण बदल दिया। इससे भारतीय शूटर को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। इस स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय सोनम मस्कर छठे स्थान पर रहीं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में छह सौ चौंतीस दशमलव एक अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। आइची-नागोया एशियाई खेलों में यह इलावेनिल का दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने सोनम मस्कर और विदर्सा कोचलुमकल के साथ मिलकर महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था।





