खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
सिलीगुड़ी: उपभोक्ता अधिकार संरक्षण सप्ताह और खाद्य मिलावट विरोधी अभियान के तहत सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने भक्तिनगर और मटीगाड़ा थाना क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया।
प्रवर्तन शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त फारूक मोहम्मद चौधरी के नेतृत्व में पुलिस और संबंधित नागरिक विभागों की संयुक्त टीम ने विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और बाजार दरों की समीक्षा की तथा स्थानीय व्यापारियों व उपभोक्ताओं से संवाद किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए गुणवत्ता जांच के लिए विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्र किए गए हैं। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और बाजार में पारदर्शी व्यापार व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





