काठमांडू: नेपाल के रसुवा जिले में आई विनाशकारी आकस्मिक बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और परिजनों के प्रति अमेरिका ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान में इस आपदा से प्रभावित सभी नागरिकों के प्रति सहानुभूति जताई गई है।
स्थिति पर नजर रख रहे अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया कि बचाव और राहत कार्यों में सहायता के लिए एक ‘आपदा प्रतिक्रिया सलाहकार’ तैनात किया गया है। इसके अलावा, कैथोलिक रिलीफ सर्विसेज के माध्यम से आपातकालीन आश्रय, राहत सामग्री, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था के लिए अमेरिका ५ लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता उपलब्ध कराएगा।
काठमांडू स्थित अमेरिकी दूतावास ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद अमेरिकी नागरिकों की तलाश और सहायता के लिए वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है।










