पूर्व विजेता वावरिंका को अमेरिकी ओपन में वाइल्ड कार्ड एंट्री

IMG-20260827-WA0054

​नई दिल्ली: तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्टैन वावरिंका को अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में खेलने का एक और मौका मिला है। २०१६ के अमेरिकी ओपन चैंपियन वावरिंका को टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा के लिए वाइल्ड कार्ड दिया गया है। अमेरिकी खिलाड़ी पैट्रिक काइप्सन के चोट के कारण टूर्नामेंट से नाम वापस लेने पर आयोजकों ने यह फैसला किया है। स्विट्जरलैंड के ४१ वर्षीय खिलाड़ी वावरिंका को इससे पहले वाइल्ड कार्ड न मिलने पर अमेरिकी ओपन के मुख्य ड्रा में जगह नहीं मिली थी। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया था, जिसमें उन्होंने न्यूयॉर्क और अमेरिकी ओपन को अलविदा कहने का संकेत दिया था। यूएस टेनिस एसोसिएशन (यूएसटीए) ने अपना अंतिम वाइल्ड कार्ड स्थानीय खिलाड़ी पैट्रिक काइप्सन को दिया था। उस समय काइप्सन की रैंकिंग ११५ थी, लेकिन चोट के कारण उनके नाम वापस लेने से खाली हुई जगह पर वावरिंका को मौका दिया गया। वावरिंका ने वाइल्ड कार्ड स्वीकार करते हुए कहा, मैं २०२६ अमेरिकी ओपन का वाइल्ड कार्ड स्वीकार करके बहुत उत्साहित हूँ। मैं न्यूयॉर्क में एक बार फिर प्रशंसकों के सामने खेलने का इंतजार कर रहा हूँ। उल्लेखनीय है कि वावरिंका अपने समय के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने ऐसे समय में टेनिस खेला जब रोजर फेडरर, राफेल नडाल, नोवाक जोकोविच और एंडी मरे जैसे दिग्गज खिलाड़ी शीर्ष पर थे। स्विस खिलाड़ी ने २०१४ में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में नडाल को हराकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। इसके बाद २०१५ में उन्होंने फ्रेंच ओपन के फाइनल में सर्बियाई दिग्गज जोकोविच को पराजित किया था। वावरिंका ने २०१६ में एक बार फिर जोकोविच को हराकर अमेरिकी ओपन का खिताब जीता था। वावरिंका का करियर चोटों से भी प्रभावित रहा। २०१७ में घुटने की २ सर्जरी के कारण वे अमेरिकी ओपन में हिस्सा नहीं ले सके थे। इसके बाद २०२१ में उन्हें फिर से पैर की २ सर्जरी करानी पड़ी थी। वावरिंका अपने करियर में एटीपी रैंकिंग में तीसरे स्थान तक पहुँचे थे। उन्होंने २००८ में बीजिंग ओलंपिक में फेडरर के साथ पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीता था।

About Author

Advertisement