आलोचकों को कोच गौतम गंभीर का करारा जवाब

IMG-20260822-WA0076

कोलंबो: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपने पद और टेस्ट टीम के प्रदर्शन को लेकर उठ रहे सवालों पर आलोचकों को करारा जवाब दिया है। श्रीलंका के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले गंभीर ने स्पष्ट किया कि उनका काम सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक्स हासिल करना नहीं, बल्कि भारतीय टीम के लिए ट्रॉफियां जीतना है।
​कोलंबो के एसएससी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से पहले आयोजित पत्रकार सम्मेलन में गंभीर से उनके कार्यकाल और आलोचनाओं के बारे में सवाल पूछा गया। भारत के मुख्य कोच ने तीखा जवाब देते हुए कहा, “मेरा काम ट्रॉफियां जीतना है, व्यूज और लाइक्स हासिल करना नहीं। हम टेस्ट श्रृंखला में बहुत खराब प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, इसी कारण प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आ रहा है।”
​गंभीर ने भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि टीम अभी भविष्य की चिंता करने के बजाय वर्तमान की चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। गंभीर ने कहा, “हम भविष्य में क्या होगा, इस विषय पर बात नहीं करते। हमारा पूरा ध्यान आने वाले ५ दिनों पर है। हम डब्ल्यूटीसी चक्र में कहां पहुंचेंगे, यह सोचने के बजाय अगला मैच जीतने का प्रयास करेंगे।”
​उल्लेखनीय है कि रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद टीम नई संरचना के साथ आगे बढ़ रही है। इस दौरान भारत को कुछ निराशाजनक परिणामों का भी सामना करना पड़ा है, जिससे मुख्य कोच गंभीर दबाव में हैं।

About Author

Advertisement