सांसद राजू बिष्ट से कूटनीतिक पहल की मांग
दार्जिलिंग: इजराइल में देखरेख (केयरगिवर) का काम कर रहे कालेमपोंग निवासी राजीव आचार्य की मृत्यु के मामले में गोरखा यूथ एक्टिविस्ट नेटवर्क (ज्ञान) ने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट से तुरंत कूटनीतिक और कानूनी कदम उठाने की मांग की है। ‘ज्ञान’ के मुख्य संयोजक और अधिवक्ता बीरेंद्र रसाइली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार सुबह सांसद बिष्ट के कार्यालय पहुंचकर उन्हें औपचारिक पत्र सौंपा।
कालेमपोंग जिले के काफ्ले गांव (लोअर इच्छे बस्ती) के रहने वाले ३८ वर्षीय राजीव आचार्य की गत २३ जुलाई को इजराइल में मृत्यु हो गई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, आचार्य की कथित हत्या के आरोप में ३१ वर्षीय अवियोर जाकेन के खिलाफ जेरुसलम जिला अदालत में मामला दर्ज किया गया है। संगठन ने इजराइल की न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए पीड़ित परिवार को उचित कानूनी सहायता प्रदान करने पर जोर दिया है।
संगठन ने सांसद राजू बिष्ट से मांग की है कि वह विदेश मंत्रालय और इजराइल स्थित भारतीय दूतावास के जरिए मृतक के परिवार को बीमा राशि, मुआवजा और श्रम अधिकारों के तहत सहायता दिलाएं। साथ ही, इजराइल में काम कर रहे भारतीय गोरखा युवाओं की सुरक्षा के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन, स्वैच्छिक पंजीकरण और पूर्व-प्रस्थान प्रशिक्षण प्रणाली शुरू करने का आग्रह किया गया है। इस पत्र की प्रतियां विदेश मंत्री, विदेश सचिव और कालेमपोंग के जिलाधिकारी को भी भेजी गई हैं।










