नई दिल्ली: भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कनाडा की झांग वेन यू को सीधे गेम में २१-१६, २१-१७ से हराकर महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मैच में जीत हासिल करने के लिए नौवीं वरीयता प्राप्त सिंधु को ३४ मिनट का समय लगा।
सिंधु ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में करते हुए लगातार ४ अंक हासिल किए। इसके बाद झांग वेन यू ने भी वापसी करते हुए भारतीय खिलाड़ी को कड़ी चुनौती दी। सिंधु ब्रेक तक ११-९ की बढ़त पर थीं। ब्रेक के बाद भी झांग ने संघर्ष जारी रखा, लेकिन गेम के निर्णायक मोड़ पर सिंधु ने धैर्य बनाए रखा। उन्होंने १९-१५ की बढ़त हासिल करने के बाद केवल १६ मिनट में पहला गेम २१-१६ से जीत लिया।
दूसरा गेम और भी रोमांचक रहा। झांग ने सिंधु को आसानी से बढ़त नहीं बनाने दी। एक समय स्कोर ९-९ की बराबरी पर था। इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने लगातार अंक बटोरे और ब्रेक तक ११-९ की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद सिंधु ने अपने अनुभव और आक्रामक खेल का बेहतरीन इस्तेमाल किया। उन्होंने लगातार ५ अंक हासिल करके मैच का रुख बदल दिया और जल्द ही बढ़त हासिल कर ली।
झांग ने भी हार न मानते हुए सिंधु पर दबाव बनाए रखा। जीत के करीब पहुंचने के बाद भारतीय खिलाड़ी ने एक बार फिर संयम दिखाया और दूसरा गेम २१-१७ से जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। प्री-क्वार्टर फाइनल में सिंधु का मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त चीन की खिलाड़ी वांग जी यी से होगा। वांग जी यी ने मलेशिया की करुनाथेवन लेतशाना को २१-१६, २१-९ से हराया।
पुरुष एकल में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। पुरुष एकल में आयुष शेट्टी अगले दौर में पहुंच गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के डुमिंडु अबेविक्रमा को केवल २६ मिनट में २१-८, २१-१० से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया।









