नई दिल्ली: इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के २०२६-२७ सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने आगामी सीजन में १३ क्लबों के हिस्सा लेने की पुष्टि की है। लीग का आयोजन होम-अवे आधार पर डबल राउंड रोबिन प्रारूप में होगा।
एआईएफएफ के अनुसार, आईएसएल २०२६-२७ में शामिल १३ टीमें एक-दूसरे के खिलाफ २ बार खेलेंगी। इसमें एक मैच अपने घरेलू मैदान पर और दूसरा मैच विरोधी टीम के घरेलू मैदान पर होगा। महासंघ ने नए सीजन की शुरुआत की तारीखों की घोषणा फिलहाल नहीं की है।
एआईएफएफ ने बताया कि आईएसएल शुरू होने की तारीख बाद में घोषित की जाएगी और टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम भी अलग से जारी होगा। लीग में टीमों की संख्या तय होने के बाद अब व्यावसायिक समझौतों और मैचों के शेड्यूल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
एक क्लब के प्रतिनिधि ने एआईएफएफ की वेबसाइट पर कहा, “इस सीजन के लिए टीमों की संख्या तय होने से हम खुश हैं। अब हम लीग के लिए जरूरी व्यावसायिक चर्चाओं और फिक्स्चर प्लानिंग को आगे बढ़ा सकेंगे।”
आईएसएल २०२६-२७ में टीमों की संख्या १३ रहने की मुख्य वजह जमशेदपुर एफसी का लीग से बाहर होना है। क्लब ने पिछले महीने ही आईएसएल २०२६-२७ सीजन में हिस्सा न लेने का ऐलान किया था। जमशेदपुर एफसी का संचालन करने वाली टाटा स्टील के स्वामित्व वाली कंपनी ‘जमशेदपुर फुटबॉल एंड स्पोर्टिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (जेएफएसपीएल) ने इस फैसले की पुष्टि की थी।
जेएफएसपीएल ने आईएसएल से हटने के बावजूद भारत में फुटबॉल के विकास के लिए काम करते रहने की बात कही थी। जमशेदपुर एफसी २०१७ में इंडियन सुपर लीग का हिस्सा बनी थी और सालों तक स्थापित टीमों में शामिल रही। इस बार टीम के हटने के फैसले के बाद भारत की शीर्ष लीग में केवल १३ टीमें ही नजर आएंगी। डबल राउंड-रोबिन प्रारूप के तहत प्रत्येक क्लब लीग चरण में कुल २४ मैच खेलेगा।









