एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
शिलांग: पश्चिम बंगाल के बीरभूम स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल तारापीठ के एक होटल में लगी भीषण आग में झुलसकर एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। भारतीय मीडिया के अनुसार, मृतक मेघालय के वेस्ट गारो हिल्स स्थित डालू चोइपानी के निवासी थे।
मृतकों की पहचान राजेंद्र नाथ, उनकी पत्नी आशा नाथ, बुरान मोदक तथा दो बच्चों—१० वर्षीय शिवराज मोदक और ८ वर्षीय औशनाथ मोदक के रूप में हुई है। ये सभी धार्मिक यात्रा के तहत तारापीठ दर्शन के लिए आए थे। सोमवार सुबह तारापीठ स्थित ‘होटल बिदेशिनी’ में अचानक आग लग जाने से कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें से पांच सदस्य एक ही परिवार के थे।
यात्रा में शामिल अन्य छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीर्थयात्रा के दौरान हुए इस दुखद हादसे से पीड़ितों के परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है।








